futuredछत्तीसगढ

जवानों की भुजाओं की ताकत से बस्तर लाल आतंक से होगा मुक्त – उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

रायपुर, 31 अक्टूबर 2025/ छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की चौथी वाहिनी में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई, मार्च पास्ट का अवलोकन किया और परेड की सलामी ली।

सरदार पटेल का राजनीतिक एकीकरण में योगदान
विजय शर्मा ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में प्रथम उपप्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान अतुलनीय था। उन्होंने देश की 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोते हुए अखंड भारत का निर्माण किया। दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व के कारण वे लौह पुरुष कहलाए। राष्ट्रीय एकता दिवस हमें उनके साहस, त्याग और राष्ट्र की एकता के प्रति समर्पण की याद दिलाता है।

देश की एकता के लिए जवानों का बलिदान अमर
उन्होंने कहा कि आज भी हमारे सुरक्षा बल आतंकवाद और नक्सलवाद के विरुद्ध संघर्ष कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के सैकड़ों जवानों ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। उनका यह बलिदान सदा अमर रहेगा।

यह भी पढ़ें  कौन सा है पहला छत्तीसगढ़ी उपन्यास, जिसका है यह शताब्दी वर्ष

नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में कदम
विजय शर्मा ने कहा कि हम नक्सल मुक्त भारत, नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की ओर अग्रसर हैं। पिछले दो वर्षों में जवानों ने जिस वीरता और साहस का परिचय दिया है, उसके परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं। बस्तर जल्द ही पूर्ण रूप से लाल आतंक से मुक्त होगा और लोकतंत्र की जड़ें वहां और मजबूत होंगी।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस को मिला राष्ट्रपति कलर्स अवार्ड हमारे जवानों की वीरता और गौरव का प्रतीक है, जिससे राज्य का मान और पुलिस का आत्मविश्वास दोनों बढ़ा है।

शहीदों को दी श्रद्धांजलि, प्रदर्शनी का अवलोकन
उपमुख्यमंत्री ने नक्सली घटनाओं में शहीद हुए जवानों की याद में लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदर्शनी में नक्सल ऑपरेशनों की कार्यप्रणाली और कल्याणकारी गतिविधियों को भी दर्शाया गया।

भारतीय शस्त्रों पर उत्साह व्यक्त किया
उन्होंने चौथी वाहिनी में आयोजित राज्य स्तरीय शस्त्र प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया, जिसमें एलएमजी, यूबीएलजी, असॉल्ट राइफल, एसएलआर, जेवीपीसी, एके-47, टियर गन और एक्शन गन जैसी अत्याधुनिक हथियारों का प्रदर्शन किया गया।

यह भी पढ़ें  भीमबैठका से सरस्वती तक: वाकणकर के शोध की अद्वितीय यात्रा

भारत में निर्मित हथियारों को देखकर उन्होंने उत्साह प्रकट किया और कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का प्रतीक है।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा और अमित कुमार, पुलिस महानिरीक्षक अंकित गर्ग, ध्रुव गुप्ता, बीएस ध्रुव, उपमहानिरीक्षक अरविंद कुजूर, सदानंद कुमार सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली बच्चे और शहीदों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।