futuredछत्तीसगढताजा खबरें

मुख्यमंत्री के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई, वृद्ध हितग्राही को मिली राहत

प्रदेश में संवेदनशील प्रशासन और त्वरित निर्णय का एक और उदाहरण सामने आया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर गरियाबंद जिले के एक वृद्ध हितग्राही की समस्या का समाधान कुछ ही समय में कर दिया गया, जिससे उन्हें लंबे समय से लंबित योजनाओं का लाभ मिल सका।

मामला फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम पथर्री निवासी भीखलु राम ध्रुव से जुड़ा है, जो बीते कई महीनों से पेंशन और राशन जैसी आवश्यक सुविधाओं से वंचित थे। मीडिया में खबर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ। कलेक्टर बी.एस. उइके ने स्वयं मामले की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जांच में सामने आया कि ई-केवाईसी प्रक्रिया लंबित होने के कारण हितग्राही को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था।

यह भी पढ़ें  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हज यात्रियों को सौंपे फर्स्ट एड किट, सुरक्षित यात्रा की दी शुभकामनाएं

प्रशासन ने तुरंत ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराई, जिसके बाद भीखलु राम ध्रुव को तीन माह की लंबित वृद्धावस्था पेंशन एकमुश्त जारी की गई। साथ ही खाद्य विभाग की ओर से उनके घर तक राशन पहुंचाया गया और आगे नियमित आपूर्ति भी सुनिश्चित कर दी गई।

राहत मिलने के बाद हितग्राही ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि पेंशन और राशन मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली है और अब उन्हें भरोसा है कि सरकार उनकी चिंता करती है।

यह पूरा घटनाक्रम दर्शाता है कि शासन केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों तक उनका लाभ समय पर पहुंचे, इसके लिए जमीनी स्तर पर सक्रियता और जवाबदेही भी सुनिश्चित की जा रही है।