न्यू एज मीडिया में दक्षता जरूरी, जनसंपर्क अधिकारी निभाएं जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से : आयुक्त रजत बंसल
तेजी से बदलते संचार माध्यमों के दौर में जनसंपर्क अधिकारियों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। नवा रायपुर स्थित संवाद कार्यालय में आयोजित बैठक में जनसंपर्क आयुक्त श्री रजत बंसल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे न्यू एज मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर दक्षता हासिल करें और तकनीक के साथ कदम मिलाकर चलें।
बैठक में उन्होंने कहा कि जनसंपर्क का कार्य केवल सूचना प्रसारित करना नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच एक मजबूत कड़ी बनाना है। इसलिए इस जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ निभाना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब अधिकारियों के कार्यों का मूल्यांकन उनके परिणामों के आधार पर किया जाएगा।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मंत्रियों, विभागीय सचिवों, विभागाध्यक्षों और जिला कलेक्टरों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखें, ताकि सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान हो सके और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो।
आगामी 1 मई से शुरू होने वाले ‘सुशासन तिहार’ को लेकर तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया का अधिकतम उपयोग किया जाए। साथ ही, हितग्राहियों के वास्तविक अनुभवों को वीडियो और समाचारों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया के सभी माध्यमों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखना जरूरी है, ताकि सरकार की उपलब्धियां और विकास कार्य प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंच सकें।
बैठक में प्रचार-प्रसार कार्य में लापरवाही बरतने वाले तीन जिलों के जनसंपर्क अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए, जिससे यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि कार्य में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न जिलों के जनसंपर्क अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने जनसंपर्क कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए।

