futuredछत्तीसगढ

बस्तर में ऐतिहासिक नक्सल विरोधी सफलता, मुख्यमंत्री ने जवानों का किया सम्मान

नारायणपुर, 23 मई 2025/मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय ने आज नारायणपुर जिले के ओरछा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बासिंग स्थित बीएसएफ कैम्प का दौरा किया। उन्होंने 21 मई को डीआरजी, बीएसएफ और जिला बल द्वारा नारायणपुर, दंतेवाड़ा और बीजापुर की सीमावर्ती पहाड़ियों में चलाए गए नक्सल विरोधी अभियान में 27 माओवादियों के मारे जाने पर जवानों का हौसला बढ़ाया। इस कार्रवाई में हार्डकोर माओवादी बसवा राजू भी मारा गया, जिसे अब तक की सबसे बड़ी माओवादी विरोधी सफलता माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा तथा वन एवं जल संसाधन मंत्री श्री केदार कश्यप भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। श्री साय ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा, “आपके अदम्य साहस, उच्च रणनीति और वीरता ने बस्तर को माओवाद मुक्त करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ाया है। वह दिन दूर नहीं जब बस्तर पूरी तरह विकास की मुख्यधारा से जुड़ जाएगा।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएम जनमन जैसी योजनाओं के जरिए माओवाद प्रभावित क्षेत्रों को शासन की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है, और इसके सकारात्मक परिणाम अब नजर आने लगे हैं। उन्होंने नक्सल ऑपरेशन में शामिल जवानों को एलईडी सेट और प्रशस्ति पत्र भेंट किए और आउट ऑफ टर्न प्रमोशन पर विचार का आश्वासन दिया।

See also  जनसंपर्क अधिकारियों की राज्य स्तरीय कार्यशाला संपन्न, रणनीतिक संचार और एआई उपयोग पर हुआ गहन मंथन

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा, “यह सफलता न केवल राज्य बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराही जा रही है। बस्तर में अब शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।”
वन मंत्री श्री कश्यप ने भी जवानों के पराक्रम की सराहना करते हुए इसे माओवाद के खिलाफ निर्णायक विजय करार दिया।

इस दौरान जवानों ने मुठभेड़ में माओवादियों से बरामद हथियारों का प्रदर्शन किया, जिसमें बीजीएल लॉन्चर, एके-47, इंसास राइफल, .303 बंदूक, 9 एमएम कार्बाइन सहित विभिन्न हथियार शामिल थे।
मुख्यमंत्री को ऑपरेशन की रणनीति और तैयारियों की भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, एडीजी नक्सल ऑपरेशन श्री विवेकानंद, बस्तर कमिश्नर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री सुंदरराज पी, डीआईजी श्री अमित तुकाराम काम्बले, कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं, एसपी श्री प्रभात कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।