futuredछत्तीसगढताजा खबरें

13 फरवरी से मैनपाट महोत्सव, मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ

छत्तीसगढ़ के ‘शिमला’ और ‘छोटा तिब्बत’ के नाम से विख्यात पर्यटन स्थल मैनपाट में 13 फरवरी से तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। रोपाखार जलाशय के समीप आयोजित होने वाले इस महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल करेंगे। महोत्सव का आयोजन राज्य शासन के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है।

मैनपाट महोत्सव में लोक संस्कृति, संगीत और आधुनिक मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। 13 फरवरी को भोजपुरी फिल्म जगत के लोकप्रिय कलाकार मनोज तिवारी अपनी प्रस्तुति देंगे। इसी दिन छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और ओडिशा के प्रसिद्ध छऊ नृत्य दल की प्रस्तुति भी दर्शकों को आकर्षित करेगी।

14 फरवरी की शाम छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक गायिका अलका चंद्राकर और इंडियन आइडल फेम वैशाली रायकवार अपनी मधुर आवाज से समां बांधेंगी। महोत्सव के अंतिम दिन 15 फरवरी को बॉलीवुड की मशहूर सिंगर कनिका कपूर मुख्य आकर्षण होंगी। इसके अलावा रायगढ़ घराने की कत्थक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और गायक आयुष नामदेव भी मंच पर प्रस्तुति देंगे। स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी महोत्सव की रौनक बढ़ाएंगे।

See also  छत्तीसगढ़ में मौसम बदलने के संकेत, कई जिलों में हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना

जिला प्रशासन ने महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। आयोजन स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जहां सरकारी योजनाओं के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों, टाऊ और तिब्बती हस्तशिल्प का प्रदर्शन किया जाएगा। पर्यटकों के लिए बोटिंग, एडवेंचर स्पोर्ट्स और पारंपरिक दंगल जैसे आकर्षण भी रखे गए हैं। सुरक्षा, पार्किंग और पर्यटकों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं, वहीं फूड ज़ोन में सरगुजा अंचल के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा।

मैनपाट के प्रमुख आकर्षण
अंबिकापुर से लगभग 75 किलोमीटर दूर स्थित मैनपाट समुद्र तल से करीब 3,781 फीट की ऊंचाई पर बसा एक रमणीय हिल स्टेशन है। यहां बड़ी संख्या में तिब्बती समुदाय निवास करता है, जिनका थाकपो शेडुप्लिंग मठ प्रमुख आकर्षण है। जलजली क्षेत्र, जहां जमीन स्पंज की तरह हिलती है, और ‘उल्टा पानी’, जहां पानी ढलान के विपरीत बहता प्रतीत होता है, पर्यटकों के लिए खास आकर्षण हैं। इसके अलावा टाइगर पॉइंट, मछली पॉइंट, मेहता पॉइंट और सरभंजा जलप्रपात जैसे दर्शनीय स्थल मैनपाट की सुंदरता को और बढ़ाते हैं।

See also  गढ़फुलझर के नानकसागर में होला मोहल्ला कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री, पर्यटन विकास को लेकर दिया भरोसा