futuredछत्तीसगढ

मैरिज ब्यूरो वाली ने अपने ही पति की शादी एक युवती से करवा दी : धोखाधड़ी

बिलासपुर 30 मार्च 2025/ छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। यहां एक मैरिज ब्यूरो चलाने वाली महिला ने मैरिज ब्यूरो की आड़ में अपने ही पति की शादी एक युवती से करवा दी और फिर दोनों पति-पत्नी ने मिलकर उस युवती से लाखों रुपये की ठगी कर ली। घटना सकरी थाना क्षेत्र की है, जहां पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण निवासी दमयंती नामक युवती ने जुलाई 2024 में एक मैरिज ब्यूरो में शादी के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। इस ब्यूरो को चित्रा नाम की महिला संचालित कर रही थी। शुरुआती दौर में जब दमयंती को कोई उपयुक्त जीवनसाथी नहीं मिला, तो चित्रा ने उसे अपने ही पति संजय चौधरी का प्रोफाइल दिखा दिया। दमयंती को यह नहीं बताया गया कि संजय पहले से शादीशुदा है।

यह भी पढ़ें  जनगणना 2027 का पहला चरण शुरू: छत्तीसगढ़ में 1 मई से घरों और मकानों की होगी गणना

दमयंती को संजय का प्रोफाइल पसंद आया और फिर गिरौधपुरी धाम में दोनों की शादी करा दी गई। शादी के बाद संजय दमयंती को हरियाणा के सिरसा ले गया और कुछ समय बाद दोनों वापस बिलासपुर आ गए, जहां वे विनोबा नगर इलाके में किराए के मकान में रहने लगे। दमयंती ने वहां एक ब्यूटी पार्लर भी शुरू किया।

लेकिन यहीं से असली ठगी की कहानी शुरू हुई। संजय ने बीमारी और अन्य निजी कारणों का हवाला देकर दमयंती से धीरे-धीरे 7 लाख रुपये ऐंठ लिए, जिससे उसने एक कार भी खरीद ली। कुछ समय बाद संजय अचानक गायब हो गया। जब दमयंती ने खोजबीन शुरू की, तो पता चला कि चित्रा कोई और नहीं, बल्कि संजय की पत्नी है और दोनों ने मिलकर उसकी जिंदगी के साथ छल किया है।

दमयंती की शिकायत के आधार पर सकरी थाना पुलिस ने चित्रा और संजय के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि चित्रा और संजय की प्रेम विवाह हुआ था और उनका एक बेटा भी है।

यह भी पढ़ें  महिला आरक्षण से आधी आबादी को मिलेगा पूरा अधिकार, निर्णय प्रक्रिया में बढ़ेगी भागीदारी: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

शादी जैसे पवित्र रिश्ते को छल और लालच का जरिया बना देने वाला यह मामला कई गंभीर सवाल खड़े करता है — विश्वास का, कानून का और सबसे अहम, इंसानियत का। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि चित्रा ने खुद अपने पति की दूसरी शादी करवाई और फिर दुल्हन को लूटने की इस साजिश में बराबर की भागीदार बनी। फिलहाल, दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

ALSO READ : छत्तीसगढ़ की ताजा खबरे

ALSO READ : राज्यों की खबरें

ALSO READ : घुमक्कड़ी लेख 

ALSO READ : लोक संस्कृति लेख 

ALSO READ : धर्म एवं अध्यात्म लेख