जशपुर में शुरू हुआ देश का अनूठा ‘ट्री एटीएम’, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिखाई हरी झंडी
रायपुर, 16 जुलाई 2026। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में जशपुर वन विभाग ने एक अभिनव पहल करते हुए ‘ट्री एटीएम’ की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बगिया हेलीपैड परिसर में इस अनूठे मोबाइल ट्री एटीएम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसका उद्देश्य आम नागरिकों तक निःशुल्क पौधे पहुंचाना, पौधरोपण को बढ़ावा देना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्वयं ट्री एटीएम से आंवले का पौधा प्राप्त किया और उपस्थित लोगों को भी पौधों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि यह मोबाइल ट्री एटीएम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराएगा, जिससे अधिक से अधिक नागरिक पौधरोपण अभियान से जुड़ सकेंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने जशपुर वन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्षा ऋतु पौधरोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय है। ऐसे में यह मोबाइल ट्री एटीएम लोगों को विभिन्न प्रजातियों के पौधे सहजता से उपलब्ध कराएगा और हरित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान ने देशभर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई चेतना जगाई है। इसी अभियान से प्रेरित होकर छत्तीसगढ़ में भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसके वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधरोपण कर इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
‘आज का पौधा, आने वाली पीढ़ियों की छांव’ का संदेश
‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान के अंतर्गत शुरू किए गए इस ट्री एटीएम को ‘आज का पौधा, आने वाली पीढ़ियों की छांव’ के संदेश के साथ रवाना किया गया। इस पहल के तहत केवल निःशुल्क पौधों का वितरण ही नहीं होगा, बल्कि पौधरोपण की वैज्ञानिक विधि, पौधों की नियमित देखभाल, संरक्षण और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने की जानकारी भी दी जाएगी। इसका उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी जीवित रहने की दर बढ़ाकर पर्यावरण संरक्षण को स्थायी और प्रभावी बनाना है।

