futuredछत्तीसगढताजा खबरें

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हज यात्रियों को सौंपे फर्स्ट एड किट, सुरक्षित यात्रा की दी शुभकामनाएं

छत्तीसगढ़ के हज यात्रियों के लिए आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने उन्हें फर्स्ट एड किट वितरित कर सुखद और सुरक्षित यात्रा की कामना की। यह कार्यक्रम राजधानी रायपुर के मेडिकल कॉलेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के तत्वावधान में आयोजित किया गया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि हज यात्रियों के साथ जुड़ने का अवसर उन्हें लंबे समय से मिलता रहा है और यह उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष राज्य से 815 यात्री हज यात्रा पर जा रहे हैं। पहली बार स्वास्थ्य विभाग की ओर से यात्रियों को विशेष प्रशिक्षण और मेडिकल किट की सुविधा दी गई है, जिससे उनकी यात्रा और अधिक सुरक्षित हो सके।

उन्होंने यात्रियों से देश और प्रदेश की खुशहाली, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना करने का आग्रह करते हुए उनकी सफल यात्रा की कामना की।

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी हज यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब पहले की तुलना में अधिक लोगों को हज यात्रा का अवसर मिल रहा है, जो एक सकारात्मक बदलाव है। उन्होंने यात्रियों से देश की तरक्की और खुशहाली के लिए दुआ करने की अपील की।

यह भी पढ़ें  बरसात से पहले अलर्ट: नगरीय निकायों को नाला-सफाई और बाढ़ प्रबंधन के सख्त निर्देश

छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग ने हज यात्रा से जुड़ी आवश्यक जानकारियां साझा कीं और यात्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर अल्पसंख्यक आयोग, वक्फ बोर्ड और अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में हज यात्री और समाज के लोग उपस्थित रहे।