futuredछत्तीसगढ

आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर दो पुरस्कार, क्लेम प्रबंधन में उत्कृष्ट प्रदर्शन

रायपुर, 18 अप्रैल 2026। भारत सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा 17 एवं 18 अप्रैल 2026 को पुणे (महाराष्ट्र) में आयोजित चिंतन शिविर में देश के सभी राज्यों को योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आमंत्रित किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य को योजना के प्रभावी संचालन, सुदृढ़ प्रशासनिक व्यवस्था तथा पारदर्शी क्लेम प्रबंधन प्रणाली के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर दो प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

छत्तीसगढ़ को Best Performing Large State के रूप में निम्नलिखित श्रेणियों में चयनित किया गया—

1. हाई ट्रिगर एफिकेसी

इस श्रेणी में राज्य ने संदिग्ध क्लेम की पहचान एवं उनके प्रभावी विश्लेषण में उल्लेखनीय दक्षता प्रदर्शित की है। उन्नत आईटी आधारित मॉनिटरिंग प्रणाली तथा सुदृढ़ ऑडिट तंत्र के माध्यम से अनियमितताओं की समयबद्ध पहचान सुनिश्चित की गई है। इससे योजना के संचालन में पारदर्शिता और विश्वसनीयता मजबूत हुई है।

2. टाइमली प्रोसेसिंग ऑफ सस्पिशियस क्लेम्स

इस श्रेणी में राज्य ने संदिग्ध दावों के त्वरित निपटान में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। निर्धारित समय-सीमा के भीतर क्लेम की जांच, निर्णय और निष्पादन सुनिश्चित कर जवाबदेही को सुदृढ़ किया गया है। इससे लाभार्थियों को समय पर उपचार सुविधा उपलब्ध कराने में सहायता मिली है।

यह भी पढ़ें  पंडित माधवराव सप्रे जिन्होंने 126 वर्ष पहले छत्तीसगढ़ में पत्रकारिता का पौधा लगाया

राज्य में क्लेम ऑडिट तंत्र को मजबूत बनाने, ट्रिगर आधारित निगरानी प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू करने तथा अस्पतालों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के कारण संदिग्ध प्रकरणों के निराकरण में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। इसके परिणामस्वरूप क्लेम प्रोसेसिंग की गुणवत्ता में वृद्धि हुई है तथा अनावश्यक विलंब में कमी आई है, जिससे योजना के हितग्राहियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य तंत्र की प्रतिबद्धता, पारदर्शिता और निरंतर सुधार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का लक्ष्य निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। यह पुरस्कार स्वास्थ्यकर्मियों, प्रशासनिक टीम तथा सहयोगी संस्थानों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है और भविष्य में भी जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती रहेगी।

यह भी पढ़ें  हल्दीघाटी : अमर स्वाभिमान

चिंतन शिविर में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, तकनीकी नवाचार और पारदर्शिता से जुड़े अनुभव साझा किए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ द्वारा अपनाए गए आईटी आधारित मॉनिटरिंग तंत्र और पारदर्शी क्लेम प्रबंधन प्रणाली को सराहना मिली।

यह उपलब्धि न केवल राज्य के स्वास्थ्य तंत्र की मजबूती को दर्शाती है, बल्कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद लोगों को बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।