राष्ट्रीय मिलिट्री पाइप बैंड प्रतियोगिता में रायपुर के ग्रेट इंडिया सैनिक स्कूल को तीसरा स्थान, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित मिलिट्री पाइप बैंड प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रायपुर के द ग्रेट इंडिया सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों ने तीसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छात्रों से मुलाकात कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
रविवार शाम राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में शिष्टाचार भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों के इस प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की इस सफलता से राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़कर वे देश और प्रदेश का नाम और रोशन करें।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक सिद्धार्थ सिंह, कमांडेंट (सेवानिवृत्त) कर्नल आर.के. वर्मा, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय मिलिट्री पाइप बैंड प्रतियोगिता का आयोजन हर वर्ष शिक्षा मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के सहयोग से किया जाता है। इस प्रतियोगिता में देशभर के सैनिक स्कूलों के छात्र भाग लेते हैं।
प्रतियोगिता की शुरुआत जिला स्तर से होती है, जिसके बाद राज्य, जोनल और फिर राष्ट्रीय स्तर तक मुकाबला आयोजित किया जाता है। छत्तीसगढ़ दक्षिणी जोन का हिस्सा है, जिसमें केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों के सैनिक स्कूल शामिल होते हैं।
पहली बार छत्तीसगढ़ के किसी सैनिक स्कूल ने इस प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल कर राज्य का गौरव बढ़ाया है।

