futuredछत्तीसगढताजा खबरें

सिमगा क्षेत्र में सड़क निर्माण को मिली गति, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने 7.82 करोड़ की परियोजना का किया भूमिपूजन

छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने रविवार को बलौदाबाजार जिले के सिमगा विकासखंड के ग्राम सकरी में नवापारा–सकरी–सतभांवा सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस सड़क का निर्माण पुल-पुलियों सहित लगभग 7 करोड़ 82 लाख 58 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मंत्री वर्मा ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और आसपास के गांवों का संपर्क भी बेहतर होगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और जिले में कई महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण को मंजूरी दी गई है।

मंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क से गांवों का शहरों से जुड़ाव मजबूत होगा, जिससे स्थानीय व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान हो सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में सड़क निर्माण के माध्यम से विकास को नई गति देने का प्रयास किया जा रहा है।

See also  साइबर ठगी से बचने की अपील: बिजली बिल योजना के नाम पर भेजे जा रहे फर्जी लिंक से रहें सावधान

किसानों के हितों का उल्लेख करते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि सरकार कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए भी कई कदम उठा रही है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बाद कृषक उन्नति योजना के तहत शेष राशि का भुगतान होली से पहले किसानों के खातों में कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई गारंटियों को पूरा करने की दिशा में कार्य कर रही है। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी को मिलकर योगदान देना होगा।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. दौलतराम पाल, जिला पंचायत सदस्य डॉ. मोहन वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।