futuredछत्तीसगढताजा खबरें

साइबर ठगी से बचने की अपील: बिजली बिल योजना के नाम पर भेजे जा रहे फर्जी लिंक से रहें सावधान

छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी ने बिजली उपभोक्ताओं को साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की है। कंपनी ने कहा है कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना या अन्य किसी सेवा के नाम पर आने वाले संदिग्ध व्हाट्सएप संदेश, ई-मेल या एसएमएस में दिए गए लिंक पर क्लिक करने से बचें।

पॉवर कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह ने बताया कि कंपनी अपनी किसी भी योजना के लिए उपभोक्ताओं को एपीके फाइल या वेब लिंक नहीं भेजती है। इसलिए यदि किसी उपभोक्ता को इस तरह का लिंक या फाइल प्राप्त होती है, तो उसे तुरंत नजरअंदाज करें और डाउनलोड न करें।

कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि “मोर बिजली” मोबाइल एप केवल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से ही डाउनलोड किया जाना चाहिए। किसी अन्य माध्यम से एप डाउनलोड करने से साइबर धोखाधड़ी का खतरा बढ़ सकता है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत पंजीयन और अन्य जानकारी के लिए प्रदेशभर में मैदानी स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे, ताकि उपभोक्ताओं को सीधे जानकारी मिल सके और वे किसी भी तरह की धोखाधड़ी का शिकार न हों।

See also  ‘सिंधीयत जो मेलो’ में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय, सिंधी समाज की एकजुटता व उद्यमशीलता की सराहना

पॉवर कंपनी ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि बिजली बिल का भुगतान केवल अधिकृत माध्यमों जैसे “मोर बिजली” एप, कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, एटीपी केंद्र या नजदीकी बिजली कार्यालय के जरिए ही करें। इसके अलावा किसी कर्मचारी को नकद भुगतान न करने की भी सलाह दी गई है।

कंपनी के अनुसार उपभोक्ताओं को भेजे जाने वाले सभी आधिकारिक संदेश CSPDCL-S सेंडर आईडी से ही भेजे जाते हैं। यदि किसी अन्य आईडी से संदेश प्राप्त होता है तो उसकी पुष्टि अवश्य करें।

किसी भी तरह की शंका या जानकारी के लिए उपभोक्ता पॉवर कंपनी के केंद्रीकृत कॉल सेंटर के टोल-फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं या अपने नजदीकी सीएसपीडीसीएल कार्यालय में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।