futuredछत्तीसगढ

कोरिया महोत्सव में 156 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया शुभारंभ

रायपुर, 17 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बैकुंठपुर में तीन दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन ‘कोरिया महोत्सव’ का शुभारंभ करते हुए जिलेवासियों को 156 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। इस अवसर पर 70 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 104 कार्यों का लोकार्पण तथा 85 करोड़ 54 लाख रुपये से अधिक के 40 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये विकास कार्य केवल निर्माण परियोजनाएँ नहीं, बल्कि कोरिया जिले की समृद्धि, आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को संपन्न और समृद्ध प्रदेश के रूप में विकसित करना है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश कृषि प्रधान राज्य है और किसानों के हित में ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी और 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य दिया जा रहा है। हाल ही में खरीदे गए धान की अंतर राशि होली से पहले किसानों के खातों में स्थानांतरित की जाएगी, जिससे लगभग 10 हजार करोड़ रुपये किसानों को मिलेंगे।

See also  नवा अंजोर विजन@2047 मॉनिटरिंग पोर्टल की समीक्षा, मुख्य सचिव विकासशील ने विभागों को दिए सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं और अब तक लगभग 15 हजार करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी गई थी, जिनका निर्माण कार्य तेजी से जारी है।

उन्होंने बस्तर क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब विकास की नई धारा बह रही है। नियद नेल्ला नार योजना के माध्यम से गांव-गांव तक सड़क, स्कूल और अस्पताल जैसी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने पारदर्शी प्रशासन पर जोर देते हुए कहा कि सरकारी प्रक्रियाओं को डिजिटल सिस्टम से मजबूत किया गया है। पीएससी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संचालित हो रही है तथा पूर्व की अनियमितताओं की जांच सीबीआई द्वारा की जा रही है।

खनिज और वन संपदा से समृद्ध छत्तीसगढ़ में वैल्यू एडिशन को बढ़ावा देकर आर्थिक विकास को गति दी जा रही है। उन्होंने कोरिया जिले में पर्यटन की संभावनाओं पर बल देते हुए देवगढ़ छुरी धाम को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने सहित कई घोषणाएं कीं। पुलिस चौकी पोड़ी को थाना, पंडोपारा सहायता केंद्र को चौकी में उन्नत करने, पीडब्ल्यूडी कार्यालय और जिला पुरातत्व कार्यालय की स्थापना तथा फूलपुर में अधोसंरचना और ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण की घोषणा की गई।

See also  किसान, महिलाएं और जनजातीय समाज होंगे सशक्त तो छत्तीसगढ़ बनेगा समृद्ध : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

आवागमन सुदृढ़ करने के लिए कोरिया से छिंदया शिवपुर गांव तक लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से पुल-पुलिया निर्माण, कुषहा से घुघरा मार्ग पर 6 करोड़ रुपये की लागत से पुल-पुलिया निर्माण तथा 18 करोड़ रुपये की लागत से सलका बाईपास निर्माण की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों का विकास तेज होगा।

कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक भैयालाल राजवाड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने जिले के विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक झा, जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, कलेक्टर चंदन त्रिपाठी, एसपी रविकुमार कुर्रे, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और जिलेवासी उपस्थित रहे।