futuredछत्तीसगढताजा खबरें

वीर सावरकर की पुण्यतिथि पर सीएम विष्णुदेव साय का नमन, कहा– युवाओं के लिए प्रेरणा हैं उनके विचार

महान क्रांतिकारी और प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक विनायक दामोदर सावरकर की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने सावरकर के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें राष्ट्र के लिए समर्पित व्यक्तित्व बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सावरकर केवल स्वतंत्रता संग्राम के योद्धा नहीं थे, बल्कि वे दूरदर्शी विचारक, समाज सुधारक और ओजस्वी साहित्यकार भी थे। उनके लेखन और विचारों ने स्वतंत्रता आंदोलन को वैचारिक मजबूती प्रदान की और देशभक्ति की भावना को व्यापक स्तर पर जागृत किया।

उन्होंने कहा कि मातृभूमि की आज़ादी के लिए सावरकर का त्याग और संघर्ष भारतीय इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। कालापानी की कठोर यातनाओं के बावजूद उनका मनोबल कभी कमजोर नहीं पड़ा। उनका जीवन साहस, आत्मबल और राष्ट्रनिष्ठा का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री साय ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि सावरकर के विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर ही एक सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत का निर्माण संभव है।

यह भी पढ़ें  क्या बैंकिंग व्यवस्था इतनी असंवेदनशील हो गई है कि मौत का प्रमाण भी कंधे पर ढोकर लाना पड़े?

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।