futuredछत्तीसगढताजा खबरें

रायपुर में 27–28 मार्च को होगा प्रवासी छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव, विदेश में रह रहे छत्तीसगढ़ियों की भागीदारी पर फोकस

प्रदेश के समग्र विकास में प्रवासी छत्तीसगढ़ियों की सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राजधानी रायपुर में 27 और 28 मार्च को “प्रवासी छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव” का आयोजन किया जाएगा। यह दो दिवसीय आयोजन उत्तर अमेरिका छत्तीसगढ़ प्रवासी संघ (NACHA) और छत्तीसगढ़ एनआरआई संघ के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

कॉन्क्लेव में दुनिया के विभिन्न देशों में निवास कर रहे छत्तीसगढ़ मूल के लोग हिस्सा लेंगे। आयोजन के लिए पंजीयन प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। कार्यक्रम के माध्यम से प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को राज्य के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश के अवसरों, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, उद्योग और स्टार्टअप विकास जैसे अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। साथ ही प्रवासी समुदाय के अनुभव, विशेषज्ञता और संसाधनों का राज्य के विकास में प्रभावी उपयोग कैसे किया जा सकता है, इस पर भी मंथन किया जाएगा।

See also  सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक में 50 करोड़ के प्रावधान को मंजूरी, 543 विकास कार्य स्वीकृत

इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य राज्य सरकार और प्रवासी छत्तीसगढ़ी समाज के बीच संवाद को और सशक्त बनाना तथा सहयोग की नई संभावनाओं को तलाशना है। आयोजकों का मानना है कि यह पहल छत्तीसगढ़ की पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूती देने में सहायक सिद्ध होगी।

कॉन्क्लेव में उद्योग, शिक्षा, सामाजिक सेवा और उद्यमिता से जुड़े विशेषज्ञों, प्रवासी उद्यमियों और विशिष्ट अतिथियों की भागीदारी प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रवासी छत्तीसगढ़ी राज्य की अमूल्य पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों में कार्यरत छत्तीसगढ़ी नागरिक अपने अनुभव, ज्ञान और निवेश के माध्यम से प्रदेश के विकास को नई दिशा दे सकते हैं। सरकार चाहती है कि प्रवासी छत्तीसगढ़ी औद्योगिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं।