futuredछत्तीसगढ

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले – शिक्षा जीवन का आधार, संगठित समाज से ही राष्ट्र मजबूत बनता है

रायपुर, 26 अक्टूबर 2025/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है। शिक्षा केवल नौकरी पाने का साधन नहीं, बल्कि सफल जीवन का मार्ग है। सामाजिक विकास का मूलमंत्र शिक्षा है। चाहे जीवन जीने की कला हो, व्यापार, कृषि या कोई अन्य क्षेत्र — प्रत्येक क्षेत्र में सफलता के लिए शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

विष्णुदेव साय रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश मानिकपुरी पनिका समाज के शपथ ग्रहण एवं दीपावली मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रारंभ से ही शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। राज्य गठन के समय जहाँ केवल एक मेडिकल कॉलेज था, वहीं आज प्रदेश में लगभग 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। इसी प्रकार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान — जैसे आईआईटी, ट्रिपल-आईटी, आईआईएम, लॉ यूनिवर्सिटी, एम्स और सिपेट — छत्तीसगढ़ में स्थापित किए गए हैं, जिनसे स्थानीय विद्यार्थियों को शिक्षा और अवसर दोनों प्राप्त हो रहे हैं।

यह भी पढ़ें  उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा के लिए कड़े कदम : महिला आयोग के निर्देश

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज समाज को संगठित होने की आवश्यकता है, क्योंकि संगठित समाज से ही राष्ट्र मजबूत बनता है। उन्होंने कहा कि मानिकपुरी पनिका समाज का कला और साहित्य के क्षेत्र में आदिकाल से अतुलनीय योगदान रहा है। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के दौरान काछनदेवी रस्म में देवी माँ जिस कन्या पर अवतरित होती हैं, वह भी पनिका समाज की होती है — यह पूरे समाज के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूलमंत्र है — सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास। उनके मार्गदर्शन में राज्य सरकार पिछले 22 महीनों से सभी वर्गों के कल्याण के लिए सतत कार्य कर रही है। अन्नदाताओं के हित में कृषक उन्नति योजना, पक्का मकान देने हेतु प्रधानमंत्री आवास योजना, माताओं और बहनों के सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना, तथा दूरस्थ अंचलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए शिक्षक युक्तियुक्तकरण जैसे कदम उठाए गए हैं।

यह भी पढ़ें  पाकिस्तान की जेल में निर्दोष सरबजीत की हत्या : 2 मई 2013

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष शम्भुनाथ चक्रवर्ती ने भी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रदेश मानिकपुरी पनिका समाज के अध्यक्ष भरतदास मानिकपुरी, समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।