futuredछत्तीसगढताजा खबरें

वेदांता पावर प्लांट हादसे पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने जताया दुख, जांच के दिए निर्देश

सक्ती जिले के डभरा ब्लॉक के सिंघीतराई स्थित वेदांता लिमिटेड पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर हादसे पर छत्तीसगढ़ के वाणिज्य, उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। हादसे में श्रमिकों की मौत और कई लोगों के घायल होने की घटना को उन्होंने बेहद दुखद बताया।

मंत्री श्री देवांगन ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना से पूरे प्रदेश को गहरा आघात पहुंचा है। साथ ही ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को संबल देने की प्रार्थना की।

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से तत्काल चर्चा की गई तथा प्रशासन को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन की निगरानी में तेजी से रेस्क्यू अभियान चलाया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

यह भी पढ़ें  नारी शक्ति वंदन अधिनियम: महिला सशक्तिकरण से राष्ट्र रचना तक

उद्योग मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जरूरत पड़ने पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएं, ताकि सभी घायलों का समुचित उपचार हो सके।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि हादसे की विस्तृत और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी जिम्मेदार पाए जाएंगे, उनके खिलाफ श्रम कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।