futuredछत्तीसगढताजा खबरें

बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा 2026: आवेदन प्रक्रिया शुरू, जानिए पूरी तारीखें और जरूरी जानकारी

छत्तीसगढ़ में बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम), नवा रायपुर द्वारा जारी सूचना के अनुसार अभ्यर्थी 27 मार्च 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन करने की अंतिम तिथि 27 अप्रैल 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। इसके बाद उम्मीदवारों को 28 से 30 अप्रैल 2026 के बीच अपने आवेदन पत्र में सुधार करने का अवसर भी मिलेगा, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि को ठीक किया जा सके।

व्यापम के अनुसार, बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा 11 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी। अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र 1 जून 2026 से आधिकारिक वेबसाइट पर डाउनलोड कर सकेंगे।

इस बार परीक्षा का आयोजन प्रदेश के सभी 33 जिला मुख्यालयों में किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को नजदीकी केंद्र पर परीक्षा देने की सुविधा मिल सके।

See also  भगवान श्रीराम के जीवन से सीखें परिवार, कर्तव्य और समाज में मर्यादा की स्थापना

आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को परीक्षा शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा। राज्य सरकार के प्रावधानों के तहत छत्तीसगढ़ के स्थानीय अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने पर शुल्क की राशि वापस कर दी जाएगी। यह राशि उसी बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी, जिससे भुगतान किया गया होगा।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करते समय सभी जानकारी ध्यानपूर्वक भरें और अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी भी तरह की तकनीकी या अन्य परेशानी से बचा जा सके।