futuredछत्तीसगढ

चैत्र नवरात्रि पर नर्मदा धाम जुनवानी में रुद्र महायज्ञ में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

रायपुर, 22 मार्च 2026। चैत्र नवरात्रि की पावन चतुर्थी तिथि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कबीरधाम जिले के ग्राम जुनवानी स्थित नर्मदा धाम में आयोजित पंच कुंडीय रुद्र महायज्ञ एवं शिव महापुराण कथा में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धा और भक्ति भाव से यज्ञ की परिक्रमा की तथा व्यासपीठ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर संत-महात्माओं से आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए सभी को चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला साहू संघ द्वारा आयोजित इस पावन धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि साहू समाज एक विशाल, शिक्षित और संगठित समाज है, जिसने सदैव समाज को दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने दानवीर भामाशाह का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके त्याग और दान की परंपरा आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने रायगढ़ के पूज्य सत्यनारायण बाबा का भी उल्लेख करते हुए कहा कि वे पिछले 28 वर्षों से खुले आसमान के नीचे तपस्या कर समाज को आध्यात्मिक मार्ग दिखा रहे हैं। ऐसे संत समाज के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं।

See also  गंगरेल बांध में पहली महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप सम्पन्न, 52 टीमों ने दिखाया रोमांचक कौशल

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ संत-महात्माओं की तपोभूमि रही है। यह माता कौशल्या का मायका और प्रभु श्रीराम का ननिहाल है। भगवान श्रीराम ने अपने वनवास का अधिकांश समय इसी धरती पर व्यतीत किया तथा माता शबरी का पावन स्थल भी यहीं स्थित है। उन्होंने कहा कि संत-महात्माओं के आशीर्वाद से प्रदेश में सवा लाख शिवलिंग स्थापना का पवित्र कार्य भी किया जा रहा है, जिससे आध्यात्मिक चेतना और अधिक सशक्त होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा रामलला दर्शन योजना संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से प्रदेश के हजारों श्रद्धालु अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोग भगवान श्रीराम को अपना भांचा मानते हैं, इसलिए श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम तक पहुंचाने का यह प्रयास आस्था और संस्कृति को मजबूत करने वाला है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई जा रही है।

See also  खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स: छत्तीसगढ़ पहुंचने लगे खिलाड़ी, अरुणाचल के वेटलिफ्टर्स का भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा के बजट सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक प्रस्तुत किए गए हैं, जिनमें छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक प्रमुख है। उन्होंने कहा कि समाज में कमजोर वर्गों को प्रलोभन, दबाव या भ्रमित कर धर्म परिवर्तन कराने की घटनाओं को रोकने के लिए यह विधेयक लाया गया है। इस कानून के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी प्रकार के छल या दबाव के माध्यम से धर्म परिवर्तन न हो तथा सामाजिक सद्भाव और शांति बनी रहे।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि जुनवानी स्थित नर्मदा धाम के नर्मदा कुंड में स्नान और पूजा-अर्चना करना क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मकता, एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं।

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि श्रीमद्भागवत, शिव महापुराण कथा और यज्ञ जैसे धार्मिक आयोजनों में सभी आयु वर्ग की सहभागिता आवश्यक है, ताकि नई पीढ़ी अपनी सनातन परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से परिचित हो सके।

See also  ट्रंप की रणनीति पर असमंजस: एक ओर शांति की बात, दूसरी ओर मिडिल ईस्ट में बढ़ती सैन्य तैनाती

इस अवसर पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक डॉ. सियाराम साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी पंच कुंडीय रुद्र महायज्ञ की परिक्रमा कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन में उपस्थित रहे।