विधानसभा परिसर में तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर की शुरुआत, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिया स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश
छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज विधानसभा परिसर में आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने स्वयं अपनी स्वास्थ्य जांच कराकर लोगों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली और शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण विभिन्न बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना बेहद जरूरी हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सकता है और उचित सावधानी बरतकर गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वस्थ नागरिक ही एक मजबूत समाज और विकसित राज्य की आधारशिला होते हैं।
इस पहल के लिए मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर लोगों को न केवल जागरूक करते हैं, बल्कि उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित भी करते हैं।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, संचालक स्वास्थ्य संजीव कुमार झा और सीजीएमएससी के प्रबंध संचालक रितेश अग्रवाल सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

