futuredछत्तीसगढ

छत्तीसगढ़ में गौधाम योजना का शुभारंभ, 11 जिलों में 29 गौधाम शुरू

रायपुर, 14 मार्च 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी गौधाम योजना का शुभारंभ किया। योजना के प्रथम चरण में प्रदेश के 11 जिलों में 29 गौधामों का संचालन प्रारंभ हो गया है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बिलासपुर जिले के कोटा विकासखंड के ग्राम जोगीपुर में राज्य के प्रथम गौ अभ्यारण्य का शिलान्यास भी किया। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित अभ्यारण्य लगभग 184 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा, जिसके लिए प्रथम चरण में 1 करोड़ 32 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके पूर्ण होने पर यहां लगभग 2500 गौवंश के संरक्षण और देखभाल की व्यवस्था की जा सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। गौधाम योजना के माध्यम से बेसहारा एवं घुमंतू गौवंश को सुरक्षित आश्रय मिलेगा और पशुधन संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के साथ एमओयू किया गया है, जिसके तहत कई जिलों में गाय वितरण शुरू किया गया है।

See also  लद्दाख कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की एनएसए के तहत हिरासत खत्म, केंद्र सरकार ने लिया फैसला

मुख्य बिंदु

  • सभी शासकीय भूमि पर स्थापित गौधाम अब “सुरभि गौधाम” के नाम से जाने जाएंगे

  • गौधामों में चारा, पानी और समुचित देखभाल की व्यवस्था

  • पशुपालन, हरा चारा उत्पादन और गोबर से उपयोगी उत्पादों के प्रशिक्षण कार्यक्रम

  • स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर

  • बेसहारा मवेशियों को आश्रय मिलने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी की संभावना

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि गौधाम योजना का शुभारंभ एक महत्वपूर्ण अवसर है और गोधन संरक्षण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। कृषि एवं पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम ने इसे ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि प्रदेश के सभी विकासखंडों में चरणबद्ध रूप से गौधाम स्थापित किए जाएंगे।

छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल ने कहा कि गौवंश संरक्षण के लिए राज्य सरकार सुनियोजित कार्ययोजना के साथ कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, कमिश्नर बिलासपुर सुनील जैन, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, संचालक पशु चिकित्सा चंद्रकांत वर्मा सहित बड़ी संख्या में गौपालक और नागरिक उपस्थित रहे।

See also  सामाजिक समरसता को समर्पित संघ, हमेशा समाज को एक सूत्र में बांधने का किया काम