रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से प्रशिक्षु न्यायाधीशों की मुलाकात, न्यायपालिका की जिम्मेदारियों पर दिया मार्गदर्शन
रायपुर, 13 मार्च 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज विधानसभा स्थित उनके कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी, बिलासपुर के प्रशिक्षु न्यायाधीशों ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षु न्यायाधीशों को न्यायिक सेवा में चयन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यायपालिका लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण और सशक्त स्तंभ है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रशिक्षु न्यायाधीशों के कंधों पर समाज और न्याय व्यवस्था से जुड़ी बड़ी जिम्मेदारियां होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी न्यायाधीश निष्पक्षता, संवेदनशीलता और संविधान के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि न्यायपालिका आमजन के अधिकारों की रक्षा करने और न्याय व्यवस्था में जनता के विश्वास को मजबूत बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने प्रशिक्षु न्यायाधीशों से अपेक्षा की कि वे न्याय करते समय मानवीय दृष्टिकोण और संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
इस अवसर पर विधि विभाग की प्रमुख सचिव सुषमा सांवत, छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी की संचालक निधि शर्मा तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
