रायपुर–जगदलपुर–हैदराबाद हवाई सेवा फिर शुरू करने की तैयारी, प्रशासन और एयरलाइन के बीच चर्चा तेज
बस्तर क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण मानी जाने वाली रायपुर–जगदलपुर–हैदराबाद हवाई सेवा पिछले करीब एक वर्ष से बंद है। इस सेवा के बंद होने से न केवल आम यात्रियों बल्कि व्यापारियों और पर्यटकों को भी काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बस्तर के व्यापारिक वर्ग ने इस हवाई सेवा के बंद होने पर नाराजगी जताई है।
इसी बीच अब इस फ्लाइट को दोबारा शुरू करने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। जिला प्रशासन ने एयरलाइन कंपनी एलायंस एयर से बातचीत शुरू की है ताकि इस रूट पर फिर से हवाई सेवा बहाल की जा सके। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मार्च के पहले सप्ताह तक इस संबंध में सकारात्मक परिणाम सामने आने की उम्मीद है।
यदि यह हवाई सेवा दोबारा शुरू होती है तो बस्तर के लोगों को यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही हैदराबाद और रायपुर से बस्तर आने वाले पर्यटकों के लिए भी सफर आसान हो जाएगा, जिससे क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
गौरतलब है कि इस रूट पर पहले एलायंस एयर द्वारा नियमित उड़ान संचालित की जाती थी। हालांकि यात्रियों की कम संख्या और आर्थिक नुकसान के कारण वर्ष 2024 के मध्य में इस सेवा को बंद कर दिया गया था। अब उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी समर सीजन में यह फ्लाइट दोबारा शुरू हो सकती है।

