किसानों की खुशहाली से ही विकसित भारत का सपना होगा पूरा: सीएम विष्णु देव साय
विष्णु देव साय ने कहा है कि देश की अर्थव्यवस्था की असली ताकत किसान हैं और उनकी समृद्धि के बिना विकसित भारत की कल्पना अधूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आय बढ़ाने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री निवास में प्रदेशभर से आए किसानों ने सौजन्य मुलाकात कर ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत धान के अंतर की राशि होली से पहले जारी करने की घोषणा पर आभार जताया। इस दौरान किसानों ने पारंपरिक तरीके से मुख्यमंत्री को धान से तौलकर सम्मानित किया, जो प्रदेश के अन्नदाताओं की कृतज्ञता का प्रतीक रहा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है, जो देश में सबसे अधिक समर्थन मूल्य में शामिल है। उन्होंने घोषणा की कि धान के अंतर की 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि होली से पहले सीधे किसानों के खातों में अंतरित कर दी जाएगी।
28 फरवरी को बिलासपुर जिले में राज्य स्तरीय राशि अंतरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता स्वयं मुख्यमंत्री करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के सभी विकासखंडों में भी कार्यक्रम आयोजित कर इसे उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस खरीफ सीजन में 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से किसानों को ब्याज मुक्त ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड और सिंचाई योजनाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे कृषि क्षेत्र में नई ऊर्जा आई है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार भविष्य में भी किसानों के कल्याण और कृषि विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

