कुम्हार के चाक पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गढ़ा दीया और कलश, पारंपरिक शिल्प को दिया सम्मान
रायपुर, 17 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का एक आत्मीय और सहज रूप उस समय देखने को मिला जब उन्होंने कुम्हार के चाक पर स्वयं मिट्टी का दीया और कलश गढ़कर पारंपरिक शिल्प के प्रति सम्मान और जुड़ाव का संदेश दिया।
अवसर था सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक का, जिसमें भाग लेने वे कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर पहुंचे थे। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित बैठक के साथ परिसर में स्व-सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी।
प्रदर्शनी में सोनहत विकासखंड निवासी शिल्पकार देवी दयाल प्रजापति इलेक्ट्रिक चाक पर मिट्टी से दीया और कलश बनाने का सजीव प्रदर्शन कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री उनके स्टॉल पर पहुंचे और कुछ समय तक शिल्पकला को ध्यानपूर्वक देखा। उत्सुकता बढ़ने पर उन्होंने स्वयं चाक पर हाथ आजमाने की इच्छा व्यक्त की।
शिल्पकार की सहमति से मुख्यमंत्री ने घूमते हुए चाक पर रखी गीली मिट्टी को सावधानी से साधा और देखते ही देखते उसे सुंदर दीये का आकार दे दिया। उनकी सहजता और कुशलता देखकर उपस्थित लोग आश्चर्यचकित रह गए और तालियों की गड़गड़ाहट से वातावरण गूंज उठा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिल्पकार देवी दयाल प्रजापति से उनके व्यवसाय, आय और परिवार के बारे में जानकारी ली। उन्होंने उन्हें शासन की स्वरोजगार और कारीगर हितैषी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक शिल्प, कारीगरों और ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि स्थानीय कला और हुनर को नई पहचान और व्यापक बाजार मिल सके।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक भैयालाल राजवाड़े, कलेक्टर चंदन त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक रविकुमार कुर्रे सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
