खनन परियोजनाओं की सख्त निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर, खनिज विकास निधि सलाहकार समिति की 21वीं बैठक संपन्न
रायपुर, 04 फरवरी 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निधि सलाहकार समिति की 21वीं बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और प्रदेश में रेयर अर्थ मिनरल्स सहित अनेक महत्वपूर्ण खनिजों के प्रचुर भंडार उपलब्ध हैं। उन्होंने राज्य में संचालित सभी खनन परियोजनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष टास्क फोर्स की निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आईटी सिस्टम और ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग से अवैध गतिविधियों पर बेहतर और सतत निगरानी संभव होगी।
बैठक में प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना के अंतर्गत खनिज 2.0 पोर्टल के माध्यम से व्यय एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने जिला खनिज न्यास अधिनियम के अंतर्गत राज्य स्तरीय केन्द्रीय कार्यक्रम प्रबंधन इकाई (CPMU) की स्थापना के माध्यम से डीएमएफ कार्यों की प्रभावी निगरानी और समय पर क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
परिवहन नेटवर्क के अंतर्गत चिरमिरी–नागपुर रेलवे लाइन के लिए 328 करोड़ रुपये तथा छत्तीसगढ़ रेलवे कॉरिडोर निर्माण हेतु 1-ईस्ट कॉरिडोर एवं 3-ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के लिए 60.10 करोड़ रुपये एवं क्वासी इक्विटी के रूप में 24.10 करोड़ रुपये की राशि को समिति द्वारा अनुमोदन प्रदान किया गया।
बैठक में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम लिमिटेड (CMDC) को एनएमडीसी–सीएमडीसी कंपनी लिमिटेड (NCL) संयुक्त उपक्रम में सीएमडीसी की 49 प्रतिशत हिस्सेदारी के रूप में विभिन्न परियोजनाओं के विकास हेतु 112.70 करोड़ रुपये तथा विभागीय कार्यों के लिए अतिरिक्त 10 करोड़ रुपये की राशि को भी मंजूरी दी गई।
इसके अलावा संचालनालय, भौमिकी एवं खनिकर्म के अंतर्गत खनिज ब्लॉकों की नीलामी, खनिज ऑनलाइन 2.0 के भुगतान, भौमिकी सर्वेक्षण, पूर्वेक्षण, विभिन्न परियोजनाओं के भुगतान, बाह्य स्रोतों से तकनीकी कार्यों के संपादन, मुख्य एवं गौण खनिजों के अवैध परिवहन की निगरानी हेतु आईटी एवं ड्रोन तकनीक के उपयोग तथा डीएमएफ से संबंधित कार्यों की निगरानी के लिए CPMU सहित विभागीय कार्यों हेतु कुल 138.17 करोड़ रुपये के व्यय को समिति द्वारा अनुमोदित किया गया।
बैठक में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निधि सलाहकार समिति की 20वीं बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।
बैठक में वित्त मंत्री ओ पी चौधरी, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव सह सचिव वित्त मुकेश बंसल, मुख्यमंत्री के सचिव सह सचिव खनिज साधन विभाग पी दयानंद, संचालक खनिज रजत बंसल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
