राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बस्तर पंडुम महोत्सव में होंगी शामिल, अमित शाह भी मौजूद रहेंगे
स्तर पंडुम संभाग स्तरीय महोत्सव में इस साल विशेष मेहमान के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल होंगे। 7 फरवरी को महोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुर्मू बस्तर पहुंचेंगी, जबकि समापन समारोह 8 फरवरी को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति में होगा।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर तैयारियां तेज़
मुख्य सचिव विकास शील ने मंगलवार को राज्य मंत्रालय (महानदी भवन) में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में राष्ट्रपति के बस्तर प्रवास के दौरान सुरक्षा, चिकित्सा, आवागमन और अन्य सभी जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि कार्यक्रम सुचारु और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।
मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बस्तर कलेक्टर से वहां की तैयारियों की जानकारी भी ली। बैठक में जनसंपर्क सचिव डॉ. रोहित यादव, जीएडी सचिव अविनाश चंपावत, गृह सचिव नेहा चंपावत, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, पीडब्ल्यूडी सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
अमित शाह की छत्तीसगढ़ यात्रा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। वे 7 फरवरी की रात रायपुर पहुंचेंगे और अगले दिन 8 फरवरी को नक्सलवाद पर समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और गृहमंत्री विजय शर्मा मौजूद रहेंगे। अधिकारियों ने बताया कि बैठक में नक्सल मोर्चे पर अब तक की कार्रवाई और आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।
समीक्षा बैठक के बाद अमित शाह बस्तर रवाना होंगे, जहां वे पंडुम महोत्सव के समापन कार्यक्रम में भाग लेंगे।

