futuredछत्तीसगढताजा खबरें

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश की चेतावनी

छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। बुधवार को कुछ इलाकों में बारिश के साथ मावठा गिरने की संभावना जताई गई है, जिसका असर रबी फसलों पर पड़ सकता है।

राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई। इसी तरह राज्य के अन्य हिस्सों में भी धुंध और हल्के कोहरे की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार सरगुजा संभाग के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने की संभावना है, जिससे ठंड का असर फिर से बढ़ सकता है। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ जिलों में भी सुबह के समय कोहरे और धुंध का असर देखा गया है।

See also  वरिष्ठ साहित्यकार और पत्रकार रंजीत भट्टाचार्य का निधन

उधर, स्वास्थ्य विभाग ने बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि ठंड बढ़ने और नमी के कारण सर्दी, खांसी और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है, जिससे प्रदेश में ठंड का असर दोबारा महसूस किया जा सकता है।