छत्तीसगढ़ में 5000 शिक्षक पदों पर भर्ती का ऐलान, फरवरी में जारी होगा विज्ञापन
छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य के 5000 शिक्षक पदों पर तत्काल भर्ती के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और विभागों को कहा है कि फरवरी तक भर्ती से संबंधित विज्ञापन जारी किया जाए और पूरी प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षक भर्ती-2023 की प्रतीक्षा सूची की मान्यता अब नहीं बढ़ाई जाएगी, ताकि पहले उत्तीर्ण उम्मीदवारों को सरकारी सेवा में अवसर मिल सके।
फरवरी में भर्ती विज्ञापन
प्रदेश के शिक्षा मंत्री ने भी इस बहुप्रतीक्षित भर्ती पर जानकारी साझा की। उनका कहना है कि सरकार भर्तियों को लेकर पूरी तरह गंभीर है और अगले महीने यानी फरवरी में भर्ती परीक्षा से संबंधित विज्ञापन जारी किए जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया जून तक पूरी कर ली जाएगी और आगामी शिक्षा सत्र से पहले शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी।
पिछली भर्ती और वर्तमान स्थिति
प्रदेश में यह भर्ती तीन साल बाद हो रही है। पिछली सरकार ने 14,000 पदों की घोषणा की थी, जिनमें से केवल 10,000 पदों पर ही नियुक्ति हो पाई थी। नई भर्ती से हजारों युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
राज्य की शिक्षा स्थिति पर गौर करें तो 30,700 प्राथमिक विद्यालयों में औसतन 21.84 बच्चे प्रति शिक्षक हैं, जबकि 13,149 पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में यह अनुपात 26.2 है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। लेकिन इसके बावजूद 212 प्राथमिक स्कूल शिक्षक विहीन, और 6,872 में केवल एक ही शिक्षक कार्यरत हैं। पूर्व माध्यमिक स्तर पर 48 स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं और 255 स्कूलों में केवल एक शिक्षक है।
शहरी क्षेत्रों में छात्र-शिक्षक अनुपात पर नजर डालें तो 527 स्कूलों में यह अनुपात 10 या उससे कम, 1,106 स्कूलों में 11-20, 837 स्कूलों में 21-30, जबकि 245 स्कूलों में यह अनुपात 40 या उससे अधिक है। कुछ स्कूलों में शिक्षक मौजूद हैं, लेकिन छात्रों की संख्या न के बराबर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में सभी आवश्यक कदम तेजी से उठाए जा रहे हैं।
इस भर्ती से न केवल शिक्षक कमी दूर होगी, बल्कि राज्य के शिक्षा स्तर को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

