futuredछत्तीसगढ

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर के पंचायत प्रतिनिधियों को अध्ययन भ्रमण के लिए किया रवाना

रायपुर, 17 जनवरी 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास से राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत बस्तर संभाग के जिला पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधियों के दल को प्रशिक्षण सह अध्ययन भ्रमण के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों को सकुशल एवं सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएँ दीं और दो बसों को हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अध्ययन भ्रमण के माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों को अन्य राज्यों की बेहतर कार्यप्रणालियों और सफल प्रयोगों की जानकारी प्राप्त होगी, जिसका सीधा लाभ छत्तीसगढ़ के ग्रामीण विकास को मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा बहुउद्देशीय है, जिसमें सांस्कृतिक आदान-प्रदान, संवाद, विचार-विमर्श, पंचायत प्रतिनिधियों के दायित्वों, नवाचारों और ग्रामीण विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों का साझा अनुभव प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे इस भ्रमण के दौरान छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर संभाग की पहचान के रूप में राज्य के पर्यटन, समृद्ध संस्कृति, जनहितैषी एवं विकासमूलक योजनाओं, सुशासन और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी भी अन्य राज्यों के प्रतिनिधियों के साथ साझा करें। उन्होंने कहा कि ऐसे अनुभवों का आदान-प्रदान पंचायत राज व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

See also  छत्तीसगढ़ विधानसभा में 10,617 करोड़ से अधिक की अनुदान मांगें पारित, विकास और सुशासन पर सरकार का जोर

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी पंचायत प्रतिनिधियों को एक्सपोज़र विज़िट के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इस प्रकार के अध्ययन भ्रमण से पंचायत प्रतिनिधियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होती है और राज्य की पंचायत राज व्यवस्था अधिक सशक्त, प्रगतिशील एवं विकासोन्मुख बनती है।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा संचालित राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत बस्तर संभाग के जिला पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधियों को महाराष्ट्र राज्य की पंचायत राज व्यवस्था का अध्ययन कराने के लिए 18 जनवरी से 23 जनवरी 2025 तक मुंबई भेजा जा रहा है। प्रथम चरण में कुल 60 पंचायत प्रतिनिधि एवं नोडल अधिकारी इस प्रशिक्षण सह अध्ययन भ्रमण में सम्मिलित हैं। इस दौरान प्रशिक्षण सत्रों के साथ-साथ महाराष्ट्र की उत्कृष्ट पंचायतों का भी भ्रमण कराया जाएगा। आगामी चरणों में राज्य के अन्य संभागों के जिला पंचायत प्रतिनिधियों को भी क्रमवार इस प्रकार के अध्ययन भ्रमण पर भेजा जाएगा।

See also  मध्य-पूर्व में तनाव चरम पर, ईरान-इज़राइल के बीच हमले तेज, अमेरिका भी हुआ सक्रिय

इस अवसर पर विधायक लता उसेंडी, विधायक मोतीलाल साहू, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की संचालक प्रियंका महोबिया सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।