futuredछत्तीसगढ

कोण्डागांव की योगिता मंडावी को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार, जूडो में रच दिया नया इतिहास

रायपुर, 26 दिसंबर 2025/छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले की प्रतिभाशाली बालिका योगिता मंडावी ने जूडो खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम गौरवान्वित किया है। छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा संचालित बालिका गृह, कोण्डागांव में पली-बढ़ी योगिता को उनकी उल्लेखनीय खेल उपलब्धियों के लिए प्रतिष्ठित प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने योगिता मंडावी को यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया। समारोह में देशभर से चयनित प्रतिभाशाली बच्चों को खेल, नवाचार, सामाजिक सेवा, कला और संस्कृति जैसे विविध क्षेत्रों में उनके असाधारण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

योगिता मंडावी ने बहुत कम उम्र में जूडो खेल में अपनी विलक्षण प्रतिभा का परिचय दिया। मात्र 13 वर्ष की आयु में उन्होंने छत्तीसगढ़ की श्रेष्ठ जूडो खिलाड़ी का स्थान प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में निरंतर पदक जीतकर अपने अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास को सिद्ध किया।

See also  अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी श्रद्धांजलि, सुशासन को बताया स्थायी प्रेरणा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने योगिता मंडावी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली बच्चों की सफलता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनती है और यह सिद्ध करती है कि सीमित संसाधन कभी भी सपनों की उड़ान को रोक नहीं सकते।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योगिता की सफलता न केवल छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है, बल्कि बालिका गृहों और बाल कल्याण संस्थाओं में रह रहे बच्चों के लिए भी यह एक मजबूत संदेश है कि संकल्प, परिश्रम और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।