संविधान दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन किया, प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर दोहराई संवैधानिक निष्ठा
रायपुर, 26 नवंबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित अंबेडकर चौक में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें सादर नमन किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल भारतीय संविधान के शिल्पकार ही नहीं, बल्कि समानता, न्याय और सामाजिक समरसता के अटूट स्तंभ भी रहे हैं। इस अवसर पर विधायक राजेश मूणत, विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने संविधान दिवस पर डॉ. अंबेडकर के अद्वितीय योगदान को याद किया और संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 75वें संविधान दिवस के अवसर पर रायपुर के टाउन हॉल में आयोजित “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान” कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित जनसमूह के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने संविधान पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया, लघु फिल्म देखी और जनप्रतिनिधियों के साथ सेल्फी ली।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और संविधान में आस्था रखते हुए निरंतर आगे बढ़ रहा है। संविधान प्रत्येक नागरिक को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सहित अनेक मौलिक अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि विधायक और सांसद जैसे पदों पर आम नागरिकों का पहुँचना संविधान की उदार, समावेशी और लोकतांत्रिक व्यवस्था का परिणाम है।
उन्होंने संविधान निर्मात्री सभा के प्रतिनिधियों को स्मरण करते हुए कहा कि देश के सभी क्षेत्रों से जुड़े नेताओं ने संविधान निर्माण में अमूल्य योगदान दिया। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधियों की ऐतिहासिक भूमिका को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी विचारशीलता, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रनिर्माण की दृष्टि से आज भी प्रेरणा मिलती है। इस कार्यक्रम में विधायक राजेश मूणत, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक सुनील सोनी, संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन और नागरिक उपस्थित थे।
