महिलाओं की तरक्की का नया केंद्र बनेगा महतारी सदन: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर, 23 सितंबर 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड के करेली बड़ी गांव से प्रदेश के 51 महतारी सदनों का लोकार्पण किया। नवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर शुरू की गई इस योजना को उन्होंने प्रदेश की माताओं और बहनों की तरक्की के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने गाँवों में ही माताओं-बहनों के लिए महतारी सदनों के निर्माण की घोषणा की थी ताकि वे एक सुविधापूर्ण केंद्र में एकत्र होकर अपने कार्यों को आगे बढ़ा सकें। आज यह संकल्प पूरा हुआ है।
कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, लोकसभा सांसद रूप कुमारी चौधरी, पूर्व मंत्री एवं कुरूद विधायक अजय चन्द्राकर, सचिव निहारिका बारिक तथा जिला स्तरीय अधिकारी बड़ी संख्या में ग्रामीण जनों और गणमान्य नागरिकों के साथ उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आस्था महिला संकुल संगठन करेली बड़ी की महिला समूह सदस्यों को महतारी सदन का हस्तांतरण प्रमाण पत्र भी सौंपा और परिसर में मौलश्री का पौधा रोपकर हरित संदेश दिया।
महिला-केंद्रित विकास का मॉडल
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी सदन योजना छत्तीसगढ़ को महिला-केंद्रित विकास का मॉडल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह न केवल महिलाओं की तरक्की का आधार बनेगा बल्कि पूरे प्रदेश की उन्नति का भी आधार होगा।
उन्होंने कहा कि महतारी सदन माताओं-बहनों की शक्ति, सम्मान और आत्मनिर्भरता का नया केंद्र होगा। इन सदनों के माध्यम से शिक्षा, कौशल और उद्यमिता के द्वार खुलेंगे। महिला स्व-सहायता समूहों को जोड़कर आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन दिया जाएगा।
कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में पहल
मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी सदन में सिलाई, कढ़ाई, बुनाई, हस्तशिल्प, कृषि-आधारित प्रशिक्षण और डिजिटल साक्षरता जैसे कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएँ न केवल आत्मनिर्भर बनेंगी बल्कि स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को भी बढ़ावा मिलेगा।

