खारुन मईया समरसता महाआरती में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर, 17 सितंबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज शाम रायपुर के महादेव घाट पर आयोजित खारुन मईया समरसता भव्य महाआरती में शामिल हुए। यह भव्य आयोजन सनातन ध्वज वाहिनी एवं महिला मोर्चा द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में किया गया। आयोजन के दौरान खारुन नदी तट पर 21 सौ दीपों का दीपदान कर पूरे वातावरण को आस्था और उत्साह से आलोकित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश का गौरव पूरी दुनिया में बढ़ा है। उन्होंने कहा कि मोदी जी आज आधुनिक भारत के शिल्पकार हैं और विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं, जिसका लाभ देश की 140 करोड़ जनता को मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है और उसी अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य का दर्जा दिलाने के लिए डबल इंजन की सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि साध्वी प्रज्ञा भारती के नेतृत्व में चंद्रपुर स्थित महानदी तट पर गंगा आरती की शुरुआत हुई थी, जो आज भी निरंतर जारी है। उस आरती में वे स्वयं उपस्थित रहे। इसके बाद रायगढ़ की केलो नदी में भी गंगा आरती प्रारंभ हुई, जो नदी संरक्षण की दिशा में एक अनुकरणीय पहल है। उन्होंने खारुन नदी में भी समय-समय पर गंगा आरती आयोजित करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विश्वकर्मा जयंती पर यह आयोजन विशेष महत्व रखता है। उन्होंने इस महाआरती के सफल आयोजन के लिए सनातन ध्वज वाहिनी एवं महिला मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सराहना की।
इस अवसर पर रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि नदियों की आरती हमारी आस्था का प्रतीक है। इसके माध्यम से हम नदियों से जुड़ते हैं और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाते हैं। यह परंपरा नई नहीं बल्कि सदियों से हमारे सनातन धर्म का अभिन्न हिस्सा रही है। नदियाँ आदि काल से ही हमारी संस्कृति और आस्था का प्रमुख केंद्र रही हैं। सांसद अग्रवाल ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी।
महाआरती में पूज्य साध्वी प्रज्ञा भारती, रायपुर ग्रामीण विधायक मोती लाल साहू, महापौर मीनल चौबे, अपेक्स अध्यक्ष केदार गुप्ता, नॉन अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।