futuredछत्तीसगढ

शहीद सैनिकों और वीरता अलंकरण प्राप्त जवानों की अनुग्रह राशि में वृद्धि, राज्य सैनिक बोर्ड की बैठक में बड़ा निर्णय

रायपुर, 15 सितंबर 2025/ युद्ध और सैनिक कार्यवाही में शहीद सैनिकों की पत्नी अथवा आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में वृद्धि करते हुए इसे 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दिया गया है। इसी के साथ वीरता अलंकरण प्राप्त जवानों के लिए दी जाने वाली राशि में भी बड़ा बदलाव किया गया है। अब परमवीर चक्र प्राप्त वीर जवानों को 40 लाख रुपये की जगह 1 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। यह महत्वपूर्ण निर्णय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित राज्य सैनिक बोर्ड की बैठक में लिया गया।

आज मंत्रालय महानदी भवन में सैनिक कल्याण विभाग की छठवीं राज्य सैनिक समिति की बैठक सम्पन्न हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि हमारे सैनिक देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करते हैं। हम उनके शौर्य और बलिदान को नमन करते हैं। सरकार भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। बैठक में शहीदों की वीर नारियों, भूतपूर्व सैनिकों, विधवाओं और आश्रितों के लिए राज्य द्वारा संचालित योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

See also  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुलदुला छठ घाट में अर्पित किया अर्घ्य, घाट सौंदर्यीकरण की घोषणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों की सुरक्षा में वीर जवान दिन-रात तत्पर रहते हैं। भारत माँ की सेवा में जीवन अर्पित करने वाले सपूतों का कल्याण करना हम सबका दायित्व है। बैठक में लिए गए निर्णयों का लाभ सीधे भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों तक पहुँचेगा। उन्होंने कहा कि बैठक में दिए गए सुझावों पर भी सकारात्मक विचार कर उचित कदम उठाए जाएंगे।

बैठक में भूतपूर्व सैनिकों, विधवाओं और आश्रितों के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इनमें युद्ध और सैनिक कार्यवाही में शहीद सैनिकों की पत्नी अथवा आश्रितों की अनुग्रह राशि 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख करना, वीरता अलंकरण प्राप्त सैनिकों की राशि में वृद्धि करना शामिल है। अब परमवीर चक्र प्राप्तकर्ता सैनिक को 1 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। सैनिकों के माता-पिता को दी जाने वाली जंगी इनाम राशि भी 5 हजार रुपये प्रतिवर्ष से बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी गई है। युद्ध तथा सैनिक कार्यवाही में दिव्यांग हुए सैनिकों की अनुदान राशि 10 लाख से बढ़ाकर 30 लाख रुपये की गई है। साथ ही, सेवारत सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों और विधवाओं को प्रथम भूमि या गृह क्रय पर 25 लाख रुपये तक के स्टाम्प शुल्क में छूट देने का निर्णय लिया गया।

See also  समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगा संगठन का संदेश : संघ का शताब्दी संकल्प

बैठक के दौरान मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ शासन अमिताभ जैन ने मुख्यमंत्री को बालवृक्ष भेंट किया। सैनिक कल्याण संचालनालय छत्तीसगढ़ के संचालक एवं राज्य सैनिक समिति के सचिव ब्रिगेडियर विवेक शर्मा (विशिष्ट सेवा मेडल, से.नि) ने राज्य सैनिक बोर्ड की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने पाँचवीं राज्य सैनिक बोर्ड की बैठक (13 जनवरी 2012) की कार्यवाही पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और छठवीं बैठक में सम्मिलित एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा कराई।

बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद रायपुर बृजमोहन अग्रवाल, मध्य भारत क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल पदम सिंह शेखावत (पीवीएसएम, एवीएसएम, एसएम), अपर मुख्य सचिव गृह विभाग मनोज पिंगुआ, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, केंद्रीय सैनिक बोर्ड नई दिल्ली के सचिव ब्रिगेडियर डी.एस. बसेरा (विशिष्ट सेवा मेडल), कमांडर छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा सब एरिया ब्रिगेडियर तेजिंदर सिंह बावा (सेना मेडल), सचिव वित्त विभाग अंकित आनंद, सचिव सामान्य प्रशासन विभाग अविनाश चंपावत, मेजर जनरल संजय शर्मा (से.नि), विंग कमांडर ए. श्रीनिवास राव (से.नि), विक्रांत सिंह और राजेश कुमार पाण्डेय सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

See also  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फरसाबहार क्षेत्र में 40 करोड़ से अधिक के 13 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया