futuredछत्तीसगढताजा खबरें

छत्तीसगढ़ में तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देने में तेलघानी विकास बोर्ड की भूमिका होगी महत्वपूर्ण : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर के डीडीयू ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड के नव नियुक्त अध्यक्ष श्री जितेन्द्र कुमार साहू के पदभार ग्रहण समारोह में शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने श्री साहू को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ की पारंपरिक श्रम संस्कृति और स्थानीय पहचान का सम्मान करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि श्री जितेन्द्र साहू एक शिक्षित, नवाचारी किसान हैं जिनका सामाजिक क्षेत्र में भी लंबा अनुभव है। उनके नेतृत्व में तेलघानी विकास बोर्ड को नई दिशा और गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में तिलहन फसलों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। गर्मी के मौसम में जल और ऊर्जा की सीमित उपलब्धता को देखते हुए फसल चक्र परिवर्तन और तिलहन उत्पादन को बढ़ाना जरूरी है। इस दिशा में साहू समाज तथा तेलघानी विकास बोर्ड की सक्रिय भूमिका अहम होगी।

See also  युवा मन की उलझनों में भगवद्गीता का प्रकाश: कर्म, विवेक और आत्मबल का संदेश

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे ‘लोकल फॉर वोकल’ अभियान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलघानी विकास बोर्ड इस पहल में उल्लेखनीय योगदान कर सकता है। उन्होंने सरगुजा जिले के एक गांव का उदाहरण दिया, जहाँ किसान ऑर्गेनिक सुगंधित चावल और परंपरागत तरीके से सरसों का तेल निकालकर बाजार में ऊँचे दामों पर बेच रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे सफल मॉडल को राज्यभर में बढ़ावा दिया जाएगा।

श्री साय ने सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए बताया कि ‘मोदी की गारंटी’ के तहत 15 महीनों में अधिकांश वादों को पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि ‘आवास सर्वेक्षण प्लस प्लस’ अभियान के माध्यम से 30 अप्रैल तक हर आवासहीन परिवार को चिन्हित कर उन्हें आवास उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही, आवास योजनाओं के नियमों को सरल बनाकर अधिक से अधिक लोगों को लाभ पहुँचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने पंचायती राज दिवस पर शुरू किए गए ‘अटल डिजिटल सुविधा केंद्र’ की भी जानकारी दी, जिसके तहत प्रदेश के 146 विकासखंडों के 1460 गांवों में डिजिटल सेवाओं के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधा नागरिकों तक पहुँचाया जा रहा है।

See also  मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना: 429 करोड़ से अधिक की स्वीकृतियां, छत्तीसगढ़ के 14 नगर निगमों में तेजी से बदल रही शहरों की तस्वीर

समारोह में उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि एक शिक्षित और जमीनी किसान को बोर्ड की कमान सौंपना सरकार की दूरदर्शी सोच को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री जितेन्द्र साहू के नेतृत्व में तेलघानी विकास बोर्ड अपने उद्देश्यों को सफलतापूर्वक साकार करेगा।

कार्यक्रम में विधायक श्री सुनील सोनी, श्री ईश्वर साहू, श्री दीपेश साहू, श्री डोमन लाल कोर्सेवाड़ा सहित कई गणमान्य नागरिक और मंडल-आयोगों के अधिकारी उपस्थित रहे।