छत्तीसगढ़ के तीसरे मुख्यमंत्री होंगे भूपेश बघेल, सोमवार को पांच बजे लेंगे शपथ

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद को लेकर लगाए जा रहे कयासों का दौर खत्म हुआ एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रुप में भूपेश बघेल को चुन लिया गया। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में उनके नाम तय होने के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी के पर्यवेक्षक एवं प्रभारी पी एल पुनिया ने प्रेस कांफ़्रेस में उनके नाम की घोषणा कर दी।

वैसे मुख्यमंत्री पद की दौड़ में टी एस बाबा, ताम्रध्वज साहू एवं चरणदास महंत का नाम भी था। परन्तु आलाकमान ने भूपेश बघेल पर मुख्यमंत्री का सेहरा बांधा।

भूपेश बघेल अब सोमवार को सांईस कालेज मैदान में सोमवार को शाम पांच बजे शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण की तैयारी प्रशासनिक अमले द्वारा तीन दिन पहले ही प्रारंभ कर दी गई थी। जिसमें सैकड़ों वी आई पी सम्मिलित होने की संभावना है। यह ऐसा समय है जब छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद की शपथ कोई अट्ठारह बरस बाद ले रहा है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद के लिए निर्वाचित भूपेश बघेल का जन्म 23 अगस्त 1961 को छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पाटन तहसील में हुआ। कुर्मियों में इनका अच्छा जनाधार माना जाता है।

मुख्यमंत्री चयन में कुर्मी जनाधार भी इनके लिए प्रमुख रहा। 1985 से कांग्रेस से जुड़कर राजनीति कर रहे हैं। पहली बार 1993 में विधायक बने थे। मध्य प्रदेश की दिग्विजय सिंह सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं. वर्ष 2000 में अजित जोगी सरकार में भी कैबिनेट मंत्री रहे है।

वर्तमान में इनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ से कांग्रेस के 68 विधायक चुनकर आए हैं, कांग्रेस को भारी बहुमत से जीताने के पुरस्कार इन्हें मिला। अजित जोगी, रमन सिंह के बाद अब सूबे के तीसरे मुख्यमंत्री होंगे. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के घर पर कई मीटिंगों में मंथन के बाद उनके नाम पर फैसला हुआ। अब इनके सामने घोषणा पत्र पर अमल करना बड़ी जिम्मेदारी होगी।