कांग्रेस की नजर सिर्फ आरक्षण पर ही नहीं आपके मकान, दुकान, खेत खलिहान पर भी है : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

अंबिकापुर, 24 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सैम पित्रोदा के बयान को लेकर कांग्रेस की मंशा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि जिन लोगों ने पूरी कांग्रेस पार्टी को अपनी पैतृक संपत्ति मानकर अपने बच्चों को दे दी, वो लोग नहीं चाहते कि एक सामान्य भारतीय अपने बच्चों को अपनी संपत्ति दे।

मोदी ने बुधवार सुबह अंबिकापुर में एक महती सभा में कांग्रेस पर तीखे वार किए। उन्होंने कहा कि ये आपकी संपत्ति छीनकर इकवली डिस्ट्रीब्यूट की बात कह रहे हैं। कांग्रेस के खतरनाक इरादे सामने आ रहे हैं। कांग्रेस की लूट जिंदगी के साथ और जिंदगी के बाद भी रहेगी।

उन्होंने कॉलेज ग्राउंड में अपने उद्बोधन में कांग्रेस की सोच को मुस्लिम लीग की सोच निरूपित किया। मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के घोटालेबाजों पर एक्शन हो रहा है। पूरा देश देख रहा है। जब मैं विकसित भारत कहता हूं तो कांग्रेस और उसकी मदद के लिए बैठे दुनिया की ताकतों का माथा गरम हो जाता है। क्योंकि भारत शक्तिशाली होगा तो उन ताकतों का खेल बिगड़ जाएगा। आत्मनिर्भर होगा तो उनकी स्थिति खराब हो जाएगी। ये ताकतें कांग्रेस की इंडी गठबंधन वाली कमजोर सरकार चाहती है।

मोदी ने कहा कांग्रेस का इतिहास सत्ता के लालच में देश को तबाह करने का रहा है। उन्होंने मौजूद भीड़ से पूछा देश में आतंकवाद और नक्सलवाद किसके कारण फैला और बढ़ा। भीड़ ने आवाज लगाई कांग्रेस के कारण। मोदी ने कहा कांग्रेस के इसी कुशासन लापरवाही के कारण देश बर्बाद हुआ है। आज भाजपा सरकार आतंकवादी और नक्सलवादियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई कर रही है तो कांग्रेस उन्हें शहीद कहकर हमारे सुरक्षा बल के जवानों वीरों का अपमान कर रही है। कांग्रेस की सबसे बड़ी नेता आतंकवादियों के मारे जाने पर आंसू बहाती हैं। ऐसा करके कांग्रेस देश का भरोसा खो चुकी है।

कांग्रेस के घोषणा पत्र को लेकर मोदी ने तीखा हमला किया। उन्होंने कहा मैंने कांग्रेस के घोषणा पत्र जारी करते समय ही कह दिया था कि इसमें मुस्लिम लीग की छाप है। यह घोषणा पत्र मुस्लिम लीग की सोच का है। जब संविधान बन रहा था तब महापुरूषों ने बाबा साहब के साथ काफी चर्चा के बाद तय किया था कि धर्म के आधारण पर आरक्षण नहीं होगा। आरक्षण होगा तो दलित आदिवासियों के लिए होगा। लेकिन वोट बैंक की भूखी कांग्रेस ने इन महापुरूषों की परवाह नहीं की। कांग्रेस ने बरसों पहले ही आंध्रप्रदेश में धर्म के आधार पर आरक्षण लागू कर दिया।

मोदी ने कहा कि भाजपा को इतनी ताकत दीजिए कि कांग्रेस किसी भी राज्य में कोई हरकत न कर सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नजर सिर्फ आरक्षण पर ही नहीं आपके मकान, दुकान, खेत खलिहान पर भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *