प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामय उपस्थिति में श्री विष्णु देव साय ने ली छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के पद एवं गोपनीयता की शपथ

रायपुर, 13 दिसम्बर 2023/ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामय उपस्थिति में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को राज्यपाल श्री विश्वभूषण हरिचंदन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह, केन्द्रीय परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी, केन्द्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री श्री रामदास अठावले, राज्यसभा सांसद श्री जे.पी. नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री श्री हिमंता बिस्वा सरमा, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, गोवा के मुख्यमंत्री श्री प्रमोद सावंत, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री श्री माणिक साहा विशेष रूप से मौजूद थे। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं उप मुख्यमंत्री द्वय श्री अरूण साव, श्री विजय शर्मा ने ईश्वर के नाम से पद एवं गोपनीयता की शपथ हिन्दी में ली।

राज्यपाल श्री श्री विश्वभूषण हरिचंदन ने इस मौके पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री के रूप में श्री अरूण साव एवं श्री विजय शर्मा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह एवं श्री भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व सांसद श्री ओम माथुर सहित नवनिर्वाचित विधायक, अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रदेशभर से आए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन ने किया।

साइंस कालेज मैदान में हुए शपथ ग्रहण समारोह में हजारों की संख्या में मातृ शक्ति की उपस्थिति रही। महिलाएं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा लगाकर आई थीं। इन महिलाओं में अभूतपूर्व उत्साह छलक रहा था। महिलाओं से पूछने पर इन्होंने बताया कि हम लोग आज खास तौर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने संसद में महिलाओं के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित करा महिलाओं की मजबूती का रास्ता तैयार कर दिया है। संगीता पंसारी ने बताया कि हम लोगों ने मोदी जी का मुखौटा लगाया है। इस तरह से हम उनके प्रति आभार व्यक्त कर रहे हैं।

महतारी वंदन योजना उन्होंने लाई है। इससे विवाहित महिलाओं को सालाना बारह हजार रुपए वार्षिक मिलेंगे। संगीता ने बताया कि एक महिला की दिक्कतों की चिंता उन्हें है। मोदी जी को इस बात की चिंता है कि चूल्हा चौका करते वक्त उठता धुँआ बेटियों की तबियत खराब करता है। संगीता ने बताया कि वो सरगुजा से आई हैं। सरगुजा में महिलाएं इस बात को लेकर काफी खुश हैं कि हमारे क्षेत्र के बेटे श्री विष्णु देव साय को मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी मिली है। सीतापुर विधानसभा से ही नीरू मिस्त्री 27 महिलाओं की टीम को लेकर आईं थीं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने छत्तीसगढ़ को संवारने में महिलाओं की विशेष भूमिका को रेखांकित किया है। सबसे अच्छी बात यह है कि वे महिलाओं को वार्षिक सहयोग राशि दे रहे हैं। महिलाओं के छोटे-छोटे खर्च के लिए यह उनकी अपनी बचत होगी। संतोषी पावले ने बताया कि गैस सिलेंडर में सब्सिडी देने की घोषणा बहुत अच्छी है। परिवार के बजट में काफी कुछ तो गैस भराने में चला जाता है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा है। वे महिलाओं के हितों के लिए बहुत सोचते हैं।