जशपुर में अत्याधुनिक ‘सियान गुड़ी’ डे-केयर सेंटर का लोकार्पण, वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान की समग्र सुविधा
रायपुर, 17 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विकसित अत्याधुनिक डे-केयर केंद्र ‘सियान गुड़ी’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों के साथ कैरम खेलकर आत्मीय संवाद स्थापित किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर वरिष्ठजन अत्यंत प्रसन्न दिखाई दिए और राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों को फूड बास्केट वितरित किए तथा धार्मिक पुस्तक, शॉल और श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों के लिए जाना जाता है, जहां बुजुर्गों को परिवार और समाज में विशेष स्थान प्राप्त है। किंतु बदलते सामाजिक परिवेश में एकल परिवार की बढ़ती प्रवृत्ति, रोजगार के लिए युवाओं का पलायन और व्यस्त जीवनशैली के कारण अनेक वरिष्ठजन दिन के समय अकेलेपन और उपेक्षा का सामना करते हैं। यह स्थिति उनके मानसिक, भावनात्मक और शारीरिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए डे-केयर सेंटर ‘सियान गुड़ी’ की परिकल्पना की गई है। यह केंद्र वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक वातावरण प्रदान करते हुए उन्हें सामाजिक रूप से सक्रिय बनाए रखने का कार्य करेगा। यहां वे सुरक्षित वातावरण में दिन व्यतीत करते हुए नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सकारात्मकता प्राप्त कर सकेंगे। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए इसे वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक अनुकरणीय पहल बताया।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ‘सियान गुड़ी’ के माध्यम से राज्य सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को अधिक सम्मानजनक, सक्रिय और खुशहाल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। यह पहल सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ पारिवारिक मूल्यों को भी नई दिशा प्रदान करेगी।
जशपुर में रणजीता स्टेडियम के पीछे भागलपुर रोड स्थित यह केंद्र वरिष्ठ नागरिकों के लिए समग्र डे-केयर यूनिट के रूप में विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य बुजुर्गों को एक ही स्थान पर बहुआयामी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यहां योग, प्राणायाम, मनोरंजन, सांस्कृतिक गतिविधियां, सामुदायिक सहभागिता, डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता तथा कौशल विकास प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, टेली कंसल्टेशन, स्वास्थ्य जागरूकता सत्र, फिजियोथैरेपी और नियमित व्यायाम की सुविधा सुनिश्चित की गई है। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी और पारिवारिक परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा। किसी प्रकार की उपेक्षा या दुर्व्यवहार की स्थिति में नेशनल हेल्पलाइन नंबर 14567 तथा राज्य स्तरीय सियान हेल्पलाइन नंबर 155326 के माध्यम से त्वरित सहायता प्रदान की जाएगी।
सुविधाओं की दृष्टि से ‘सियान गुड़ी’ को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। यहां बाधारहित प्रवेश, व्हीलचेयर सुविधा, आरामदायक बैठने की व्यवस्था, जेंडर पृथक एवं दिव्यांग अनुकूल शौचालय, सामूहिक गतिविधियों के लिए विशाल हॉल, पुस्तकालय और शांत रीडिंग कॉर्नर उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त टीवी, रेडियो, सीसीटीवी, बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली, प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण डेस्क, मासिक चिकित्सकीय परामर्श, फिजियोथैरेपी कॉर्नर तथा टेलीमेडिसिन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
इस केंद्र में प्रतिदिन 6 से 8 घंटे तक योग, व्यायाम, चाय-नाश्ता, भोजन, मनोरंजन, जीवन कौशल और पुनः कौशल विकास प्रशिक्षण, स्वास्थ्य परीक्षण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, समूह चर्चा तथा कानूनी एवं सामाजिक जागरूकता से संबंधित विविध गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सरगुजा संभाग के कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेंद सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
