April 17, 2026
Latest:
futuredछत्तीसगढ

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेज-04 के तहत 774 सड़कों का शिलान्यास, 2426 किमी सड़क निर्माण से 781 बसाहटों को मिलेगा लाभ

रायपुर, 17 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर स्थित रणजीता स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-04) के अंतर्गत स्वीकृत 774 सड़कों का शिलान्यास एवं शुभारंभ किया। इन सड़कों की कुल लंबाई 2426.875 किलोमीटर है, जिनके निर्माण पर ₹2225.44 करोड़ की लागत आएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जशपुर जिला मुख्यालय स्थित वशिष्ठ कम्यूनिटी हॉल के जीर्णोद्धार के लिए ₹80 लाख की राशि प्रदान करने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत एक साथ इतनी बड़ी संख्या में सड़कों का भूमिपूजन ग्रामीण विकास के प्रति सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि इन सड़कों के निर्माण से लगभग 781 बसाहटों को बारहमासी पक्की सड़क सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि तथा व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की शुरुआत की गई थी, जो उनकी दूरदर्शी सोच का परिणाम है। आज यह योजना ग्रामीण भारत के विकास की आधारशिला बन चुकी है और दूरस्थ क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम सिद्ध हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में देश में सड़क नेटवर्क के विस्तार में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा पीएम जनमन योजना के माध्यम से राज्य के अधिकांश गांवों को सड़क संपर्क से जोड़ा जा चुका है। उन्होंने बताया कि भारतमाला परियोजना के अंतर्गत रायपुर से विशाखापट्टनम तथा रायपुर से जशपुर होते हुए धनबाद तक सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिससे जशपुर क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और व्यापार एवं उद्योग को प्रोत्साहन मिलेगा।

यह भी पढ़ें  सिलगेर के माड़वी कोसा की बदली जिंदगी, अपने हाथों से बनाया पक्का घर

सहकारिता क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में 515 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) का वर्चुअल शुभारंभ किया गया है, जिससे प्रदेश में समितियों की संख्या बढ़कर 2573 हो गई है। ये समितियां किसानों को खाद, बीज और अल्पकालीन ऋण जैसी सुविधाएं उनके निकट उपलब्ध कराएंगी तथा धान विक्रय प्रक्रिया को सरल बनाएंगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा किसानों से ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है और होली से पूर्व 25.28 लाख किसानों के खातों में ₹10000 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित कर उन्हें आर्थिक संबल प्रदान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से आगामी जनगणना में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि सही आंकड़े ही सटीक योजनाओं का आधार बनते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के अंतर्गत प्रदेशभर में शिविर आयोजित कर समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है तथा ₹757 करोड़ के बिजली बिल माफ किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य में नक्सल समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है, जिससे अब दूरस्थ क्षेत्रों में भी तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें  छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक के 2292 पदों पर भर्ती, 11 अक्टूबर को संभावित परीक्षा

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि आज जिन 774 सड़कों का शिलान्यास किया गया है, उनका निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश में 1300 से अधिक सड़कों का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है। पीएम जनमन योजना के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति क्षेत्रों में भी तेजी से सड़क निर्माण किया जा रहा है, जिससे ये क्षेत्र भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे। उन्होंने बताया कि राज्य में धर्म स्वातंत्र्य कानून लागू कर अवैध धर्मांतरण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कड़े प्रावधान किए गए हैं।

प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग निहारिका बारीक ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के फेज-04 के अंतर्गत राज्य में 3065 सड़क विहीन बसाहटों का चिन्हांकन किया गया है। बैच-2 में 1000 बसाहटों के लिए 2684 किलोमीटर लंबाई की 975 सड़कों का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है, जबकि शेष 1284 बसाहटों के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें  जशपुर में “स्पेस ऑन व्हील्स” से जागी अंतरिक्ष विज्ञान की जिज्ञासा, 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

उन्होंने बताया कि पीएम-जनमन योजना के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजातीय समूहों के लिए 2902 किलोमीटर लंबाई की 807 सड़कों एवं 123 वृहद पुलों के निर्माण हेतु ₹2477 करोड़ की स्वीकृति प्राप्त हुई है, जिनसे 871 बसाहटें लाभान्वित होंगी। अब तक 1735 किलोमीटर लंबाई की 356 सड़कें पूर्ण कर 356 बसाहटों को जोड़ा जा चुका है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत अब तक कुल 47,847 किलोमीटर लंबाई की 10,119 सड़कों तथा 581 वृहद पुलों को स्वीकृति प्राप्त हुई है। इनमें से 42,250 किलोमीटर लंबाई की 8713 सड़कें तथा 444 पुल पूर्ण किए जा चुके हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क और आर्थिक गतिविधियों को व्यापक बढ़ावा मिला है।

जशपुर जिले में इस योजना के अंतर्गत 77 सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिनकी कुल लंबाई 197.26 किलोमीटर तथा लागत ₹196.20 करोड़ है। इन सड़कों का निर्माण विभिन्न विकासखंडों में चरणबद्ध रूप से किया जाएगा, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा मजबूत होगी और स्थानीय विकास को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।