आज रात 8:30 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,बड़े मुद्दे पर हो सकती है बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे देशवासियों को संबोधित करेंगे। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री के इस संबोधन की तैयारी पूरी कर ली गई है, हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि उनका संदेश किस मुद्दे पर केंद्रित होगा।
प्रधानमंत्री के अचानक राष्ट्र के नाम संबोधन की घोषणा के बाद राजनीतिक गलियारों से लेकर आम जनता तक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। लोग अनुमान लगा रहे हैं कि वह मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम, संसद में हालिया घटनाओं या किसी बड़े राष्ट्रीय फैसले पर बात कर सकते हैं।
महिला आरक्षण विधेयक के बाद बढ़ी हलचल
प्रधानमंत्री का यह संबोधन ऐसे समय में हो रहा है जब एक दिन पहले संसद में महिला आरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण विधेयक पारित नहीं हो सका। संविधान संशोधन विधेयक के जरिए लोकसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने और सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया था।
मतदान के दौरान विधेयक के पक्ष में 298 वोट पड़े, जबकि 230 सांसदों ने इसका विरोध किया। कुल 528 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया, लेकिन इसे पारित कराने के लिए आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल सका।
विपक्ष पर प्रधानमंत्री की टिप्पणी
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने दिन में हुई कैबिनेट बैठक में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन न करके विपक्ष ने बड़ी भूल की है और इसका राजनीतिक असर उन्हें भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने कथित तौर पर कहा कि विपक्ष ने देश की महिलाओं को निराश किया है और यह संदेश देश के हर गांव और हर नागरिक तक पहुंचना चाहिए।
विपक्ष की भी रणनीति तैयार
जानकारी के अनुसार, विपक्षी दल प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर पहले से लंबित महिला आरक्षण कानून को लागू करने की मांग कर सकते हैं। वहीं, इंडिया गठबंधन से जुड़े दल देशभर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी बात रखने की तैयारी में हैं।
पहले भी कई अहम मौकों पर किया संबोधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले 21 सितंबर 2025 को देश को संबोधित कर जीएसटी 2.0 सुधारों की जानकारी दे चुके हैं। वहीं, 12 मई 2025 को उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के बाद चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर राष्ट्र को संबोधित किया था।
अब सभी की नजरें आज रात 8:30 बजे होने वाले संबोधन पर टिकी हैं, जहां प्रधानमंत्री देश के सामने क्या संदेश रखते हैं, इसे लेकर उत्सुकता बनी हुई है।

