एबीवीपी के “परिसर चलो अभियान” के तहत ग्रेसियस कॉलेज अभनपुर में हुआ कार्यक्रम
रायपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अभनपुर इकाई, रायपुर ग्रामीण द्वारा 11 मई 2026 को ग्रेसियस कॉलेज अभनपुर में “परिसर चलो अभियान” एवं “विकसित भारत” विषय पर छात्र संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कबीर पंथ के प्रांत प्रमुख संत श्री देवकर साहेब जी उपस्थित रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में एबीवीपी के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री श्री एस. बालकृष्ण जी शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। महाविद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों को पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम की भूमिका रखते हुए नगर अध्यक्ष श्री डिलेश्वर साहु ने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ परिवार, समाज और राष्ट्र जीवन से जुड़े विषयों पर सक्रिय चिंतन एवं संवाद करने का आग्रह किया।
अपने उद्बोधन में कबीर पंथ के प्रांत प्रमुख संत श्री देवकर साहेब जी ने विद्यार्थियों को जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा स्टार्टअप और नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी प्राप्त करने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बन सकता है। उन्होंने युवाओं को विकसित, आत्मनिर्भर और शक्तिशाली भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए सकारात्मक सोच एवं मेहनत को सफलता का आधार बताया।
विशेष रूप से उपस्थित एबीवीपी के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री श्री एस. बालकृष्ण जी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि भारतीय युवा आज राष्ट्रहित, समाज सेवा और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में सोच रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक परंपराएं और महापुरुषों के आदर्श युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल एडिक्शन, डिप्रेशन और आत्महत्या जैसी बढ़ती समस्याओं से सावधान रहने का संदेश देते हुए कहा कि कैंपस जीवन केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, सामाजिक सहभागिता और जीवन दृष्टि विकसित करने का केंद्र है।
उन्होंने “परिसर चलो अभियान” की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थियों में परिसर से दूर रहने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जबकि विद्यालय और महाविद्यालय सर्वांगीण विकास के प्रमुख केंद्र हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कॉलेज परिसर, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं समूह चर्चा में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं अतिथियों के बीच संवाद एवं परिचर्चा भी आयोजित की गई। समापन अवसर पर राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के पश्चात नगर मंत्री द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थी परिषद के प्रांत संगठन मंत्री श्री महेश साकेत, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं विभाग संगठन मंत्री श्री यज्ञदत्ता वर्मा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रांत छात्रा प्रमुख सुश्री राशि त्रिवेदी, विभाग संयोजक श्री राधेश्याम साहु, जिला संयोजक श्री भावेश नवरंगे, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दीपक साहू, नगर सह मंत्री अंजलि जांगड़े एवं प्रतिम कुर्रे, कार्यालय मंत्री राहुल साहू, खेलो भारत प्रमुख कंचन साहू, महाविद्यालय सह प्रमुख दीप्ति मार्कण्डेय, केशर साहू, अनीश सूर्यवंशी, पूर्वा यादव, मोनिका साहू, रूपाली साहू, प्रवीन साहू, आयुष रजक सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

