अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अभनपुर में भव्य आयोजन, 200 सूर्य नमस्कार का बना नया कीर्तिमान
अभनपुर, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के शुभ अवसर पर पतंजलि योग समिति के पावन सानिध्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं गायत्री परिवार अभनपुर संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य एवं प्रेरणादायी योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। गायत्री मंदिर के दिव्य एवं आध्यात्मिक परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 300 योग साधकों, भाई-बहनों तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन योगाचार्य लालजी साहू के मार्गदर्शन में हुआ। योगाभ्यास के दौरान योग मंच पर शिवदयाल साहू ने लगातार एक घंटे में 200 बार सूर्य नमस्कार कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। अभनपुर की धरती पर इस प्रकार का प्रदर्शन पहली बार देखने को मिला, जिसकी उपस्थित जनों ने मुक्त कंठ से सराहना की।
कार्यक्रम में योगासन के गोल्ड मेडलिस्ट बालक मोहित साहू एवं मुकेश्वर साहू ने विभिन्न कठिन योगासनों का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं किक बॉक्सिंग चैंपियन बच्चों ने कराटे एवं आत्मरक्षा कौशल का आकर्षक प्रदर्शन प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर एवं हरिओम स्कूल के प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को आत्मसात करते हुए उपस्थित बच्चों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आचार्य ललित मुनि, बी.एस. ठाकुर, सेवाराम सिन्हा, नवीन शर्मा, आर.एस. चौरसिया तथा रूपचंद साहू उपस्थित रहे। आचार्य ललित मुनि ने कहा कि -‘आज का दिन महत्वपूर्ण है, आज योग एवं संगीत दिवस का मणिकंचन संयोग बन रह है। मन एवं तन को बलशाली बनाने की दोनो ही विधाएं हैं। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी पौधे वितरित करके दिया जा रहा है। इस पुनीत कार्य के लिए आयोजक प्रशंसा के पात्र हैं।’
आयोजन को सफल बनाने में संगठन प्रमुख लाकेश निर्मलकर सहित राकेश साहू, विजय साहू, अजीत अग्रवाल, प्रीतम साहू, कैलाश साहू, धर्मेंद्र साहू, गिरधर साहू, टिकेंद्र सिन्हा, मदन साहू, चितेश निर्मलकर, गोपाल साहू, कृपाल साहू, समीर निर्मलकर तथा महिला वर्ग से मंजू साहू, सोनम बहन, शारदा ठाकुर, मनीषा, किरण साहू, मधु साहू सहित अनेक कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन ने न केवल योग के प्रति जन-जागरण का संदेश दिया, बल्कि स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता के मूल्यों को भी सुदृढ़ करने का कार्य किया।

