एक प्याली में सिमटी आधी ज़िंदगी : मैं और मेरी चाय

इंसानी रिश्तों में जो मिठास बातचीत से नहीं आती, वह कभी-कभी साथ बैठकर चाय की चुस्कियां लेने से आ जाती है। जब कोई घर आता है, तो हम पानी के बाद सबसे पहले ‘चाय’ का ही पूछते हैं। यह महज एक औपचारिकता नहीं, बल्कि अगले की थकान और आवभगत का आधुनिक तरीका है।
विचार अक्सर उसी वक्त आते हैं, जब हाथ में चाय का गर्म प्याला होता है। वह धुआं, जो कप से उठकर हवा में विलीन हो जाता है, बिल्कुल हमारे तनाव की तरह है, जिसे चाय की पहली चुस्की धीरे-धीरे सोख लेती है। चाय का मानवीय पक्ष यह है कि यह जात-पात, अमीरी-गरीबी का भेद नहीं जानती। नुक्कड़ की दुकान पर एक दिहाड़ी मजदूर और एक बड़ी कार से उतरा व्यवसायी, दोनों एक ही मिट्टी के कुल्हड़ में उसी तृप्ति की तलाश करते हैं।
जब भी चाय की चुस्की लेता हूं तो मेरे सामने आसाम के चाय बगानों में चाय की पत्तियां तोड़ते हुए मेरे किसी छत्तीसगढ़िया भाई बहन का चेहरा सामने दिखाई देता है और मैं उतनी आत्मीयता से चाय की चुस्की लेता हूँ जितनी आत्मीयता चाय की पत्तियां तोड़ते हुए उनके हाथों की अंगुलियों के स्पर्श से पत्तियों में उतर आई।
अगर हम इतिहास के पन्नों को खंगालें, तो चाय का सफर किसी रोमांचक उपन्यास से कम नहीं है। कहा जाता है कि लगभग 2737 ईसा पूर्व चीन के सम्राट शेन नुंग के सामने गर्म पानी के प्याले में जंगली चाय की कुछ पत्तियां गिर गईं और वहीं से इसके स्वाद का जादू दुनिया पर छाने लगा। भारत में चाय को ‘राष्ट्रीय पेय’ का दर्जा भले ही कागजों पर न मिला हो, लेकिन दिलों में यह जिंदाबाद है।
1830 के दशक में असम के जंगलों में चाय के पौधों की खोज ने भारत को दुनिया के सबसे बड़े चाय उत्पादकों में खड़ा कर दिया। आज दुनिया भर में करोड़ों लोगों की आजीविका चाय के बागानों से जुड़ी है। दार्जिलिंग की ‘शैम्पेन ऑफ टी’ से लेकर असम की कड़क चाय तक, भारत का स्वाद वैश्विक है। चाय में मौजूद ‘एल-थियेनाइन’ और ‘एंटीऑक्सीडेंट्स’ न केवल मस्तिष्क को सतर्क रखते हैं, बल्कि हृदय स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माने जाते हैं।
सुबह का वह पहला प्रहर, जब सूरज की किरणें खिड़की से झांकती हैं, मेरी पहली मुलाकात मेरी चाय से होती है। अदरक की कूटने वाली आवाज मेरे लिए किसी ‘अलार्म’ से ज्यादा प्रभावी है। जब अदरक, इलायची और चाय की पत्तियां उबलते पानी में अपना रंग छोड़ती हैं, तो रसोई की वह खुशबू पूरे घर में एक नई ऊर्जा भर देती है।
एक लेखक-पत्रकार के तौर पर, मेरा कीबोर्ड तब खटखटाता है, जब सुबह मेज पर चाय का कप रखा हो। चाय मेरी ‘सोच का ईंधन’ है। जब शब्द कहीं खो जाते हैं, तो मैं एक चुस्की लेता हूं, और चाय की वह गरमाहट गले से नीचे उतरते ही मस्तिष्क की किसी बंद खिड़की को खोल देती है। यह मेरे अकेलेपन की सबसे वफादार साथी है। आधी रात को जब पूरी दुनिया सो रही होती है और मैं अपने लैपटॉप पर किसी लेख को अंतिम रूप दे रहा होता हूं, तब मेरी चाय ही होती है जो मुझे यकीन दिलाती है कि मैं अकेला नहीं हूं।
चाय के साथ मेरा रिश्ता वक्त के साथ विकसित हुआ है। बचपन में वह दूध और चीनी से भरी ‘दूध-पत्ती’ हुआ करती थी, जिसे बिस्किट डुबोकर या चाय के साथ पराठा खाने का अलग ही आनंद था। कॉलेज के दिनों में वह ‘कटिंग चाय’ बनी, जो दोस्तों के साथ घंटों की गपशप का आधार थी। राजनीति से लेकर क्रिकेट तक, दुनिया की हर समस्या का समाधान हमने उस नुक्कड़ वाली टपरी पर चाय के साथ ही खोजा है।
आज के ‘कैफे कल्चर’ में ग्रीन टी, अर्ल ग्रे, और लेमन टी ने जगह बना ली है। तथ्य यह भी है कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक पीढ़ी अब बिना चीनी और बिना दूध वाली चाय को तरजीह दे रही है। लेकिन सच कहूं तो, बारिश के मौसम में जो मजा ‘अदरक वाली कड़क चाय’ और ‘प्याज के पकौड़ों’ में है, वह किसी फैंसी कैफे की महंगी चाय में कहां?
चाय भारत के सामाजिक ताने-बाने को जोड़ने वाला धागा है। ‘चाय पर चर्चा’ केवल एक चुनावी नारा नहीं, बल्कि भारतीय जीवनशैली का हिस्सा है। ट्रेनों के सफर में वह “चाय-चाय” की आवाज, प्लेटफॉर्म पर अजनबियों से शुरू हुई बातचीत का माध्यम चाय ही बनती है। यह वह पेय है जो संवाद के द्वार खोलता है।
अंतर्राष्ट्रीय चाय दिवस पर हमें उन मेहनती हाथों को भी याद करना चाहिए जो पहाड़ों की ढलानों पर पत्तियां चुनते हैं, ताकि हमारी सुबह खुशनुमा हो सके। चाय महज एक तरल पदार्थ नहीं, यह धैर्य का प्रतीक है जैसे चाय को बेहतर होने के लिए उबलना पड़ता है, वैसे ही जीवन भी संघर्षों के बाद निखरता है।
तो चलिए, आज एक कप चाय अपने नाम करते हैं। उसमें थोड़ी अदरक कूटते हैं, थोड़ी यादों की चीनी डालते हैं और वर्तमान की गर्माहट के साथ उसका आनंद लेते हैं। क्योंकि अंत में, ज़िंदगी भी तो एक कप चाय ही है स्वाद इस बात पर निर्भर करता है कि आपने इसे बनाया कैसे है!
लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं लोक संस्कृति के अध्येता हैं।

