फरहद में धूमधाम से मनाया गया तहसील स्तरीय माता कर्मा महोत्सव, सांसद संतोष पांडे ने सामाजिक भवन हेतु 5 लाख देने की घोषणा
राजनांदगांव, 7 अप्रैल 2026। तहसील साहू संघ राजनांदगांव, परिक्षेत्रीय साहू संघ ईरा तथा ग्रामीण साहू समाज फरहद (सोमनी) के संयुक्त तत्वावधान में रविवार 5 अप्रैल को ग्राम फरहद में तहसील स्तरीय माता कर्मा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजनों की सहभागिता रही और पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव तथा प्रेरणादायी विचारों का वातावरण दिखाई दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पांडे तथा प्रमुख अतिथि पूर्व लोकसभा सांसद अभिषेक सिंह रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला साहू संघ के अध्यक्ष भागवत साहू ने की।
मुख्य अतिथि संतोष पांडे ने अपने उद्बोधन में कहा कि साहू समाज एक जागरूक समाज है, जो सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि संत माता कर्मा केवल साहू समाज ही नहीं, बल्कि सभी समाजों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस अवसर पर उन्होंने साहू समाज के सामाजिक भवन निर्माण हेतु 5 लाख रुपए की घोषणा भी की।
पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने कहा कि साहू समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। संत माता कर्मा, दानवीर भामाशाह, राजिम माता, माता भानेश्वरी तथा तेलिन सती दाई जैसी विभूतियों की महिमा सर्वविदित है। उन्होंने सामूहिक विवाह की आदर्श परंपरा को समाज की महत्वपूर्ण देन बताया।
सभा को जिला साहू संघ के अध्यक्ष भागवत साहू, जिला महामंत्री नीलमणि साहू, जिला उपाध्यक्ष विवेक साहू तथा तहसील अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने संत माता कर्मा सहित महान विभूतियों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मक एवं रचनात्मक कार्य करने पर बल दिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मोतीलाल साहू (संरक्षक, जिला साहू संघ), श्रीमती देव कुमारी साहू (जिला पंचायत सदस्य), कुलेश्वर साहू (पूर्व अध्यक्ष नगर साहू संघ), डॉ. चेतन साहू, डॉ. महेश साहू, खिलेश्वर साहू, मनोज साहू, श्रीमती उतरी बाई तामस्कर, डुगेश साहू, निर्मला साहू (सरपंच ठेकवा), चंदन कश्यप, रमन सिंह राजपूत, डी.डी. साहू तथा साहित्यकार डॉ. दादूलाल जोशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। स्वागत भाषण तहसील अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू ने दिया तथा सभी पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
महोत्सव के अंतर्गत भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें लोक कलाकारों ने वाद्ययंत्रों के साथ माता कर्मा की जीवनी पर आधारित भजनों की प्रस्तुति दी। लोक गायिका तिजेश्वरी साहू (तोरनकटा) की प्रस्तुति ने श्रोताओं को विशेष रूप से प्रभावित किया।
शोभायात्रा के पश्चात जिला साहू संघ के पदाधिकारियों, महिला पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मेधावी छात्रों, अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ तथा साहित्य प्रकोष्ठ से जुड़े कवियों को पुष्पमाला, श्रीफल एवं गमछा भेंट कर सम्मानित किया गया।
सुप्रसिद्ध हास्य कवि लखन लाल साहू ‘लहर’ के प्रभावी संचालन में आयोजित काव्य गोष्ठी ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। वरिष्ठ कवि डॉ. दादूलाल जोशी, ओमप्रकाश साहू ‘अंकुर’, महेन्द्र कुमार बघेल ‘मधु’, लखन लाल साहू ‘लहर’, चंद्रशेखर साहू, चेतना साहू, कोमल सिंह गुरु, कुलेश्वर दास साहू, मनीष साहू ‘मन’, डोहर दास साहू तथा रूपल साहू सहित कवियों ने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रचनाओं का पाठ किया। इन रचनाओं में माता कर्मा की महत्ता, शिक्षा का महत्व, नशे के दुष्परिणाम, सामाजिक दिखावे, परिवारिक मूल्यों, मोबाइल के प्रभाव, फैशन तथा भ्रष्टाचार जैसे विषयों पर सार्थक संदेश दिए गए।
अहिवारा की सांस्कृतिक मंडली ने महंत लीलाधर के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ महतारी वंदना, पंथी नृत्य एवं लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। फरहद की नन्हीं बालिकाओं ने भी छत्तीसगढ़ी लोकगीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। जिला साहू संघ द्वारा संचालित निःशुल्क कोचिंग क्लास तथा रक्तदान महादान अभियान के लिए अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक यशवंत साहू, माधव साहू, अनिल साहू तथा हृदय राम हिरवानी को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन साहित्य प्रकोष्ठ के संयोजक कवि लखन लाल साहू ‘लहर’ ने किया तथा आभार प्रदर्शन तहसील अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू ने किया।
