futuredछत्तीसगढ

छत्तीसगढ़ राज्य आंदोलन के ‘भीष्म पितामह’ जागेश्वर प्रसाद (जग्गू दादा) का सफल ऑपरेशन, स्वास्थ्य में तेजी से सुधार

पाटन/रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण आंदोलन के वरिष्ठ नेता तथा छत्तीसगढ़ी राजभाषा में प्रारंभिक समाचार पत्र के प्रणेता श्री जागेश्वर प्रसाद (जग्गू दादा) के स्वास्थ्य में अब उल्लेखनीय सुधार हो रहा है। 29 मार्च, रविवार को मोतीपुर (पाटन) में आयोजित ‘सर्व छत्तीसगढ़िया किसान समाज’ के जन-जागरण कार्यक्रम को संबोधित करते समय वे अचानक अस्वस्थ हो गए थे। चिकित्सकों के अनुसार उन्हें हीट स्ट्रोक अथवा ब्रेन स्ट्रोक की स्थिति का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान श्री जागेश्वर प्रसाद छत्तीसगढ़ी अस्मिता, राज्य निर्माण आंदोलन के ऐतिहासिक संदर्भों तथा वर्तमान नीतिगत मुद्दों पर गंभीरता से अपनी बात रख रहे थे। इसी दौरान शाम लगभग 4:30 बजे उनके स्वास्थ्य में अचानक गिरावट आई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वहां उपस्थित राज्य आंदोलनकारी अनिल दुबे, चेतन देवांगन, श्यामू राम सेन सहित अन्य साथियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल रायपुर स्थित नारायणा अस्पताल पहुंचाया। लगभग आधे घंटे के भीतर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में भर्ती कराया गया।

यह भी पढ़ें  सिद्दी समुदाय के पहलवानों का दमदार प्रदर्शन, खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में चमका कर्नाटक

चिकित्सकों की टीम द्वारा आवश्यक जांच के बाद उनका सफल ऑपरेशन किया गया। वर्तमान में श्री जागेश्वर प्रसाद रिकवरी सेंटर में विशेषज्ञों की देखरेख में उपचाराधीन हैं। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति पहले की तुलना में स्थिर है तथा स्वास्थ्य में सुधार के संकेत प्राप्त हो रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि श्री जागेश्वर प्रसाद, जिन्हें छत्तीसगढ़ राज्य आंदोलन का ‘भीष्म पितामह’ कहा जाता है, वर्ष 1965 से क्षेत्रीय पहचान, भाषा और सांस्कृतिक अस्मिता के मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे हैं। छत्तीसगढ़ी भाषा को प्रतिष्ठा दिलाने और राज्य निर्माण की मांग को जन-जन तक पहुंचाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

आंदोलनकारियों एवं शुभचिंतकों की सुविधा के लिए छत्तीसगढ़ी भवन में 24 घंटे स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य अपडेट के लिए मोबाइल नंबर 9827150001 पर संपर्क किया जा सकता है।

संवाददाता: बसंत राघव