बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026 का आयोजन, खेल-पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
छत्तीसगढ़ सरकार खेल, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी पहल करने जा रही है। इसी क्रम में रविवार को बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026 का आयोजन किया जाएगा, जिसे राज्य का अब तक का सबसे बड़ा रनिंग इवेंट माना जा रहा है।
यह मैराथन जगदलपुर के ऐतिहासिक लालबाग मैदान से शुरू होकर विश्वप्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात पर समाप्त होगी। आयोजन को लेकर प्रतिभागियों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस आयोजन को राज्य के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि “बस्तर दौड़ेगा, देश जुड़ेगा” के संदेश के साथ यह कार्यक्रम फिटनेस के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “फिट इंडिया” और “एक भारत श्रेष्ठ भारत” जैसे अभियानों से प्रेरित है।
अलग-अलग कैटेगरी में होगी दौड़
मैराथन में हर आयु वर्ग और फिटनेस स्तर के लोगों को ध्यान में रखते हुए चार श्रेणियां रखी गई हैं—42 किलोमीटर (फुल मैराथन), 21 किलोमीटर (हाफ मैराथन), 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की फन रन।
आकर्षक पुरस्कार राशि
प्रतियोगिता को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए कुल 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। इससे देशभर के धावकों को भाग लेने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
पर्यटन और स्थानीय पहचान को बढ़ावा
इस आयोजन का उद्देश्य बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। सरकार का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इसे सफल बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

