futuredछत्तीसगढ

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का सरगुजा-सूरजपुर दौरा: सरगुजा ओलंपिक, किसान मेला और कुदरगढ़ महोत्सव का होगा शुभारंभ

रायपुर, 20 मार्च 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 21 मार्च को सरगुजा और सूरजपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे अंबिकापुर में संभाग स्तरीय ‘सरगुजा ओलंपिक 2026’ और ‘राज्य स्तरीय तिलहन-किसान मेला 2026’ का उद्घाटन करेंगे, वहीं सूरजपुर जिले के कुदरगढ़ में ‘कुदरगढ़ महोत्सव 2026’ का शुभारंभ भी करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे रायपुर के पुलिस ग्राउंड हेलीपेड से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होंगे और 11:50 बजे सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर पहुंचेंगे। दोपहर 12 बजे वे पीजी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित ‘सरगुजा ओलंपिक 2026’ का शुभारंभ करेंगे। यह आयोजन 21 से 23 मार्च तक चलेगा, जिसमें सरगुजा संभाग के सभी जिलों से 2000 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे।

इस ओलंपिक में कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, कुश्ती, दौड़, बैडमिंटन और रस्साकसी सहित कुल 12 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य की खेल प्रशिक्षण अकादमियों में सीधे प्रवेश दिया जाएगा और उन्हें यूथ आइकॉन के रूप में सम्मानित किया जाएगा।

See also  छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल विधेयक 2026 पारित: भर्ती प्रक्रिया होगी एकीकृत, पारदर्शी और समयबद्ध

इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:40 बजे अंबिकापुर स्थित राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में आयोजित दो दिवसीय ‘तिलहन मेला-किसान मेला 2026’ का शुभारंभ करेंगे। इस मेले का आयोजन ‘नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल-ऑयलसीड्स’ के अंतर्गत कृषि विभाग और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। मेले में किसानों को तिलहन उत्पादन, आधुनिक कृषि तकनीकों और उन्नत बीजों की जानकारी दी जाएगी।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री दोपहर 2:40 बजे अंबिकापुर से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर 3 बजे सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड स्थित कुदरगढ़ पहुंचेंगे। यहां वे ‘कुदरगढ़ महोत्सव 2026’ का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर जिलेवासियों को 185 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से 76 विकास कार्यों की सौगात दी जाएगी। इनमें 52 कार्यों का लोकार्पण और 24 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री शाम 4:20 बजे कुदरगढ़ से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होंगे और शाम 5:35 बजे रायपुर लौट आएंगे।

See also  जशपुर में सरहुल महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय