छत्तीसगढ़ के शासकीय महाविद्यालयों में 700 पदों पर भर्ती शुरू, सहायक प्राध्यापक सहित कई पद शामिल
छत्तीसगढ़ के शासकीय महाविद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर विभाग द्वारा कुल 700 पदों को भरने की तैयारी की जा रही है। इनमें सहायक प्राध्यापक, ग्रंथपाल और क्रीड़ा अधिकारी के पद शामिल हैं।
उच्च शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार भर्ती के तहत सहायक प्राध्यापक के 625 पद, ग्रंथपाल के 50 पद और क्रीड़ा अधिकारी के 25 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। विभाग ने राज्य शासन के नियमों के अनुसार आरक्षण रोस्टर और विषयवार रिक्तियों का निर्धारण कर लिया है और इस संबंध में विस्तृत जानकारी छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को भेज दी गई है।
बताया गया है कि भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए 24 फरवरी 2026 को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को औपचारिक पत्र भी भेजा जा चुका है। आयोग प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जल्द ही भर्ती का विज्ञापन जारी करेगा, जिसके बाद योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।
विषयवार पदों की बात करें तो हिंदी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, राजनीति शास्त्र, भौतिक शास्त्र, गणित, रसायन शास्त्र, वनस्पति शास्त्र और प्राणी शास्त्र के 50-50 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा अर्थशास्त्र, इतिहास और भूगोल के 25-25 पद, कंप्यूटर एप्लीकेशन के 15 पद, वाणिज्य के 75 पद और विधि विषय के 10 पदों पर भी भर्ती की जाएगी।
उच्च शिक्षा विभाग ने इन पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, भर्ती नियम, श्रेणीवार पदों की संख्या, परीक्षा का पाठ्यक्रम और विज्ञापन का प्रारूप भी आयोग को भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि इन नियुक्तियों से राज्य के महाविद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी और विद्यार्थियों को बेहतर उच्च शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
इस बीच, महाविद्यालयों में पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए विभाग ने अतिथि प्राध्यापकों की नियुक्ति की व्यवस्था भी जारी रखी है। कई अतिथि शिक्षक पीएचडी धारक हैं और नेट तथा सेट जैसी परीक्षाएं उत्तीर्ण कर चुके हैं। ये शिक्षक राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में सहयोग कर रहे हैं।

